सैक्टर-17 में गारमैंट्स शोरूम सील, टीम ने जड़ा ताला

Friday, Oct 11, 2019 - 08:20 AM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र) : प्रशासन के संपदा विभाग ने वीरवार को सैक्टर-17 में बिल्डिंग वायलेशन के चलते एक गारमैंट्स शोरूम सील कर दिया। शोरूम का पिछले काफी लंबे समय से बिल्डिंग वायलेशन को लेकर मामला चल रहा था, जिसके चलते ही वीरवार को एस.डी.एम. सैंट्रल नाजुक कुमार के आदेशों पर यह कार्रवाई की गई। बताया जाता है कि एस.सी.ओ. में कैप्सन्स का शोरूम चल रहा था। इस दौरान विभाग की कार्रवाई का विरोध भी हुआ लेकिन बावजूद इसके टीम ने शोरूम पर ताला जड़ दिया। 

वायलेशन को लेकर चल रहा था केस :
इन्फोर्समैंट विंग के प्रभारी ने बताया कि एस.सी.ओ. नंबर 104-105 में उन्होंने ये कार्रवाई की है। इसमें बिल्डिंग वायलेशन को लेकर केस चल रहा था। एस.डी.एम. सैंट्रल के निर्देशों पर उन्होंने ये कार्रवाई की है। 

जो भी अपने शोरूम, दुकानों और बूथों के अंदर नियमों की पालना नहीं कर रहे हैं, विभाग द्वारा उनके खिलाफ सख्ती की जा रही है। चंडीगढ़ व्यापार मंडल के प्रधान अनिल वोहरा ने बताया कि उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि व्यापारियों के साथ अन्याय नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह सलाहकार से मिलकर इस मुद्दे को उठाएंगे कि उन्हें नियमों की पालना करने के लिए थोड़ा समय दिया जाए।

Priyanka rana

Advertising