एस.डी.एम. के पिता, पूर्व गृह सचिव का लाल डोरा के बाहर अवैध निर्माण, अफसर व पार्षदों को भेजे नोटिस

Friday, Jul 29, 2016 - 09:56 AM (IST)

चंडीगढ़, (विजय गौड़): लाल डोरा के बाहर अवैध निर्माण करने की सूची में चंडीगढ़ प्रशासन के पूर्व अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। इन अधिकारियों के साथ-साथ सभी अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ एस्टेट ऑफिस द्वारा जल्द ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। 

 

सूत्रों के अनुसार जिन लोगों ने खुड्डा अलीशेर में लाल डोरा के बाहर अवैध निर्माण किए हुए हैं उनमें सब-डिवीजनल मैजिस्ट्रेट (एस.डी.एम.) सैंट्रल प्रिंस धवन के पिता पूर्व इंडियन रैवेन्यू ऑफिसर के.के. धवन व पूर्व गृह सचिव कृष्ण मोहन के नाम भी सामने आए हैं। 

 

के.के. धवन की खुड्डा अलीशेर में लाल डोरा के बाहर लगभग 1.5 एकड़ की जमीन है, जबकि कृष्ण मोहन के नाम भी यहां 1 एकड़ जमीन है। यू.टी. के लैंड एक्विजिशन ऑफिसर (एल.ए.ओ.) की ओर से इन दोनों को नोटिस भेजे गए हैं।

 

दरअसल, दोनों पूर्व अधिकारियों की जमीन पर कमरे बने हुए हैं इसके साथ ही मोबाइल टावर भी यहां लगाया गया है। दोनों प्लॉट मालिकों को नोटिस पंजाब न्यू कैपिटल पैरिफेरी एक्ट-1952 का उल्लंघन करने के लिए भेजे गए हैं। 

 

नोटिस के साथ ही दोनों को छह सप्ताह के भीतर अवैध कंस्ट्रक्शन हटाने के लिए भी कहा गया है। वहीं इस मामले में के.के. धवन ने कहा कि परमीशन के लिए अप्लाई किया जा चुका था। संबंधित अधिकारियों के पास एप्लिकेशन जा चुकी है। 

 

1400 अवैध कंस्ट्रक्शन

एस्टेट ऑफिस द्वारा 1400 अवैध कंस्ट्रक्शंस को शॉर्ट लिस्ट किया गया है। इनको जल्द ही ढहाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। डिप्टी कमिश्नर अजीत बालाजी जोशी द्वारा लगभग एक महीने पहले अवैध कंस्ट्रक्शन को चिन्हित करने के लिए सर्वे करवाया गया था। जिसके बाद एस्टेट ऑफिस द्वारा 1400 अवैध कंस्ट्रक्शन की लिस्ट तैयार की गई जिन्हें ढहाया जाना है। 

 

कई बड़ी हस्तियां भी लिस्ट में

प्रशासन द्वारा 150 ऐसे नेता, पूर्व आई.ए.एस. और एच.सी.एस. के नाम सूची में शामिल किए गए हैं जिन्हें नोटिस भेजे गए। कुछ नगर निगम के पार्षदों को भी इस तरह के नोटिस भेजे जा चुके हैं। 

 

गौरतलब है कि लाल डोरा के बाहर किसी भी प्रकार की कमर्शियल एक्टिविटी पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जा चुका है, लेकिन पिछले दो दशकों के दौरान लाल डोरा के बाहर धड़ल्ले से कंस्ट्रक्शन की जा रही है। 

 

गांव में चल रहा सर्वे

खुड्डा अलीशेर के अतिरिक्त एस्टेट ऑफिस द्वारा शहर के अन्य गांव में भी इसी तरह का सर्वे किया जा रहा है। इनमें बहलाना, दडिय़ा, कैंबवाला, खुड्डा जस्सू, धनास, खुड्डा लाहौरा, मौलीजागरां, किशनगढ़ और सारंगपुर के नाम भी शामिल हैं। इन सभी जगह लाल डोरा के बाहर एस्टेट ऑफिस द्वारा कई बार अवैध कंस्ट्रक्शन को ढहाने के नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

 
Advertising