यूक्रेन में फंसे हर हरियाणवी को लाया जाएगा सकुशल वापिस : मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Tuesday, Mar 01, 2022 - 09:05 PM (IST)

चंडीगढ़,(पांडेय): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यूक्रेन में फंसे हरियाणा के सभी छात्रों को सकुशल वापस लाया जाएगा। इसके लिए भारतीय विदेश मंत्रालय और हरियाणा सरकार पूरी तरह प्रयासरत है। अभी तक 700 छात्रों से हरियाणा सरकार ने मेल आई.डी., वाहट्सएप व अन्य संचार माध्यमों से संपर्क साध लिया है। 90 छात्र वापस आ चुके हैं।मुख्यमंत्री मंगलवार को एक दिवसीय करनाल प्रवास के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यूक्रेन संकट को देखते हुए हरियाणा सरकार ने पहले ही कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया था। छात्रों की मदद के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर हैल्प डैस्क बनाया गया है। इसके साथ-साथ हरियाणा के कुछ छात्र यूक्रेन से विमान द्वारा मुंबई भी पहुंचे हैं, उनकी मदद के लिए वहां भी कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। उन्हें दिल्ली व हरियाणा लाने के लिए हर संभव मदद की जाएगी। भारतीय विदेश मंत्रालय पूरे मामले पर पैनी नजर बनाए हुए है। केंद्र सरकार के 4 मंत्री यूक्रेन से लगते चार देशों में पहुंच चुके हैं, वे उन देशों के साथ बातचीत कर भारतीय नागरिकों को देश वापस लाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस भी जिले के नागरिक यूक्रेन फंसे हैं, उस जिले के उपायुक्त उन परिवारों से संपर्क साध रहे हैं।  

 


-सभी वर्गों के लिए हितकारी होगा बजट 
2 मार्च से शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र पर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इस बार का बजट सभी वर्गों के लिए हितकारी होगा। केंद्र की तर्ज पर इस बार मिशन इन्फ्रास्ट्रक्चर पर ज्यादा जोर दिया जाएगा। इसके साथ-साथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को कैसे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाए, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।  

 


-10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पैट्रोल ऑटो अभी सिर्फ गुरुग्राम में बंद
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल ऑटो को बंद करने के लिए हमने फिलहाल गुरुग्राम में ऑटो यूनियन से बातचीत की है। बाकि किसी जिले के लिए अभी इस नियम से जुड़ा कोई विषय नहीं है। नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एन.जी.टी.) के ट्रैक्टर से जुड़े नोटिफिकेशन पर सरकार ने एक्सटैंशन दे रखी थी, उसे एक बार फिर से बढ़ाया गया है। एन.सी.आर. को लेकर एन.जी.टी. ने नियम बनाया है, उसे अभी सिर्फ गुरुग्राम में लागू करवा रहे हैं, बाकि जिलों में इस नियम से कैसे राहत देनी है, उसे हरियाणा के बजट के बाद विचार किया जाएगा।
-एन.सी.आर. का इलाका 100 किलोमीटर तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि एन.सी.आर. के इलाके में 100 किलोमीटर तक का क्षेत्र आता है। करनाल को एन.सी.आर. से बाहर निकलने की पुरानी डिमांड थी। मैट्रो पर उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रदेश में मैट्रो से जुड़े 6 प्रौजेक्ट हैं, इनमें से 3 पर काम चल रहा है। पानीपत से करनाल तक की मैट्रो का प्रौजेक्ट भी इसमें शामिल है ।

 


-यूपी चुनाव में भाजपा के पक्ष में आएंगे नतीजे
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का बेहतरीन प्रदर्शन रहेगा। चुनाव के नतीजे उनके पक्ष में आएंगे। हरियाणा में होने वाले पंचायत चुनाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एक मामला विचाराधीन है। जैसे ही उस पर फैसला आता है, इसके बाद चुनाव करवाए जाएंगे।

 

 

यूक्रेन में फंसे हरियाणा वासियों व छात्रों की सहायता के लिए फरीदाबाद में राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित
 फरीदाबाद मंडल के आयुक्त एवं हरियाणा भवन दिल्ली के रेजिडैंट कमिश्नर संजय जून ने बताया कि यूक्रेन में फंसे हरियाणा राज्य वासियों व छात्रों की सहायता के लिए मंडल आयुक्त कार्यालय फरीदाबाद में राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह नियंत्रण कक्ष लगातार 24 घंटे कार्य करेगा। इस नियंत्रण कक्ष के लिए टेलीफोन नंबर 0129-2981617 जारी किया गया है। 

 


इस कंट्रोल रूम को सुचारू रूप से चलाने के लिए कर्मचारियों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी भी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में किसी भी व्यक्ति को यूक्रेन में फंसे किसी भी व्यक्ति या छात्र से संबंधित कोई जानकारी लेनी है अथवा सहायता की आवश्यकता है तो वह 24 घंटे किसी भी समय इस नंबर पर संपर्क कर सकता है। उन्होंने बताया कि इस कंट्रोल रूम में तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की इस कंट्रोल रूम में ड्यूटी लगाई गई है। पहली शिफ्ट में बडख़ल तहसील कार्यालय से सहायक नॄसग व लिपिक गौरव, कंप्यूटर ऑपरेटर सोनिया व पिंकी सैनी प्रात:-7 बजे से दोपहर 3 बजे तक ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। उपमंडल अधिकारी (ना.) कार्यालय बल्लभगढ़ से सहायक बृज मोहन, लिपिक सत्या कुमार, आर.टी.ओ. कार्यालय से कम्प्यूटर ऑपरेटर प्रेमलता व कमिश्नर ऑफिस से कम्प्यूटर ऑपरेटर प्रेमलता दोपहर 3 बजे से रात्रि 11 बजे तक ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। उपायुक्त कार्यालय से सहायक अमरीश कुमार, लिपिक रवि कुमार, आर.टी.ओ. कार्यालय से कम्प्यूटर ऑपरेटर नेतराम व उपमंडल अधिकारी (ना.) कार्यालय बल्लभगढ़ से कम्प्यूटर ऑपरेटर अनिल घटवाल रात्रि 11 बजे से प्रात: 7 बजे तक ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।

 

 

यूक्रेन संकट: मुंबई एयरपोर्ट पर हैल्प डैस्क स्थापित करेगी हरियाणा सरकार
 यूक्रेन से देश लौट रहे छात्रों की मदद के लिए हरियाणा सरकार मुंबई एयरपोर्ट पर भी हैल्प डेस्क स्थापित करेगी। यह हैल्प डेस्क कल यानी बुधवार से काम करना शुरू कर देगा। हैल्प डेस्क के लिए तीन पुलिस कर्मचारियों और हैफेड के एक अधिकारी को मुंबई भेज दिया गया है। हरियाणा के जो छात्र मुंबई पहुंचेंगे, उन्हें हैल्प डेस्क दिल्ली पहुंचाने की व्यवस्था करेगा। बता दें कि यूक्रेन संकट को देखते हुए हरियाणा सरकार ने छात्रों की मदद के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर पहले ही हेल्प डेस्क स्थापित कर लिया है।

 


इस बीच, यूक्रेन में फंसे हरियाणा वासियों व छात्रों की सहायता के लिए सरकार ने स्टेट लेवल पर संजय जून को नोडल अफसर बनाया है। वहीं जिला स्तर पर उपायुक्त नोडल अफसर होंगे। सरकार ने मंडल आयुक्त कार्यालय फरीदाबाद में राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित कर लिया है। यह नियंत्रण कक्ष लगातार 24 घंटे कार्य करेगा। इस कंट्रोल रूम को सुचारू रूप से चलाने के लिए कर्मचारियों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई है। 
यूक्रेन में गए हरियाणा के सभी नागरिकों के परिवारों से सरकार ने संपर्क साध लिया है और अब सरकार ने कम से कम तहसीलदार स्तर के अधिकारी की ड्यूटी इन परिवारों से बातचीत के लिए लगाई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे घर जाकर परिजनों को आश्वस्त करें कि यूक्रेन में फंसे सभी नागरिकों को सकुशल वापस लाया जाएगा। 

 


इस बीच सरकार ने बल्लभगढ़ की एक बेटी मानसी मंगला को मदद पहुंचाई है। मानसी मंगला पोलैंड में इंडियन एंबेसी पहुंच गई है। अब भारतीय दूतावास के अधिकारियों द्वारा मानसी को सभी सुविधाएं उपलब्ध करवा दी गई हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने मानसी मंगला से बात कर भरोसा दिलाया कि जल्द ही उन्हें भारत लाने की व्यवस्था की जाएगी। बल्लभगढ़ के एस.डी.एम. त्रिलोकचंद से बातचीत में परिजनों ने सरकार के प्रयासों पर संतुष्टी जताई और कहा कि सरकार की मदद से जल्द उनकी बेटी वापस लौट पाएगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुद भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों से लगातार अपडेट ले रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा यूक्रेन में फंसे हरियाणा के सभी छात्रों को सकुशल वापस लाया जाएगा। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए भारतीय विदेश मंत्रालय और हरियाणा सरकार पूरी तरह प्रयासरत है।

 


यूक्रेन में फंसे राज्य के लोगों के लिए हैल्प सैंटर शुरू
यूक्रेन में फंसे हरियाणावासियों के लिए भारतीय जनता पार्टी हरियाणा ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गुरुग्राम स्थित पार्टी कार्यालय में एक हैल्प सैंटर (सहायता केंद्र) शुरू कर हैल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिन पर फोन कर यूक्रेन में फंसे भारतीयों के संबंध में जानकारी और अन्य संबंधित मदद ली जा सकेगी। हैल्प सैंटर की जिम्मेदारी भाजपा की एन.आर.आई. सेल को दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारें अपने-अपने स्तर पर यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने में जुटी है। ऐसे में भाजपा की प्रदेश इकाई ने भी अपने स्तर पर यूक्रेन में फंसे अपने नागरिकों की सहायता देने के लिए यह हैल्प सैंटर स्थापित किया है। जिसके लिए दो हैल्प लाइन नंबर  8527615086, 8527589654 जारी किए हैं।  प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने बताया कि इस हैल्प सैंटर की जिम्मेदारी एनआरआई सेल के प्रदेश संयोजक संदीप देशवाल तथा अभिनव बालियान व रजत भार्गव को दी गई है। यह सहायता केंद्र भारत में विदेश मंत्रालय, यूक्रेन में दूतावास व चार देशों में भेजे गए केंद्रीय मंत्रियों के संपर्क में रहेगा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिदित्य राव सिंधिया रोमानिया मोल्डोवा में रहेंगे जबकि किरन रिजिजू  स्लोवाकिया, हरदीप सिंह पुरी  हंगरी और जनरल वी.के. सिंह पोलैंड में रहकर यूक्रेन में फंसे हरियाणा निवासी भारतीय नागरिकों की वापसी की निगरानी व सहयोग करेंगे। केंद्र सरकार के अनुसार हरियाणा के 1786 विधार्थी यूक्रेन में हैं, जिनमें से 100 से अधिक छात्रों को वापस लाया जा चुका है। माना जा रहा है कि भाजपा द्वारा सहायता केंद्र शुरू होने से इस कार्य में और तेजी आएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News