पवन इंसां ने फरार आदित्या इंसां के ठिकाने का किया खुलासा, कहा...

punjabkesari.in Thursday, Nov 23, 2017 - 10:51 AM (IST)

पंचकूला(मुकेश) : साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख राम रहीम के दोषी करार दिए जाने वाले दिन पंचकूला में हुई हिंसा के आरोपी पवन इंसां पांच दिन के रिमांड पर है। रिमांड के पहले दिन पुलिस पूछताछ में पवन इंसां ने कबूल करते हुए पुलिस को बताया है कि आदित्या इंसां लखनऊ में छिपा है। क्योंकि पवन इंसां भी कुछ दिनों तक यू.पी. में ही रहा है। उसे आदित्य के ठिकानों के बारे में जानकारी है। वह कई दिनों तक आदित्य के संपर्क में भी रहा है। 

 

वहीं, पुलिस अब पवन इंसां को अपने साथ सिरसा लेकर जाएगी। क्योंकि उसके मोबाइल वहां हो सकते हैं। जबकि उसने इन 85 दिनों में किन मोबाइल का इस्तेमाल किया, किन लोगों के साथ था, उनकी भी एक लिस्ट बनाई जाएगी। गौर हो कि पंचकूला में हिंसा करवाने के बाद पवन इंसां मौका पाकर डॉ. आदित्य इंसां के साथ फरार हो गया था। वहीं, अगस्त महीने में डेरे में हुई मीटिंग में वह शामिल था। जहां हनीप्रीत ने उसको जिम्मेदारी सौंप कर कहा कि उसे पंचकूला के पूरे एरिया के बारे में पता है।

 

ऐसे में लोगों को यहां भेजने की जिम्मेदारी उसे मिली। इसके साथ ही उसे 25 लाख रुपए भी दिए गए। उसे यह रकम चमकौर ने दी थी। कोर्ट से रिमांड लेने के लिए भी पुलिस ने इन सारी बातों का जिक्र किया है। इसके बाद दोनों कई दिनों तक साथ ही थे। प्रारंभिक पूछताछ में पवन ने पुलिस को बताया है कि डॉ. आदित्य उसके साथ था लेकिन अब वह कहां है, इस बारे में वह जानकारी नहीं दे रहा। महेंद्र इंसां, दिलावर, सुरेंद्र भी मुख्य आरोपियों में से एक है। इस केस में पुलिस हनीप्रीत, सुरेंद्र धीमान, दिलावर को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि आदित्य इंसां और गोबी राम सहित 20 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जाना है।

 

कोर्ट में 18 लोगों के खिलाफ किया गया चालान पेश :
गत 25 अगस्त को पंचकूला में सी.बी.आई. अदालत द्वारा सिरसा डेरा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को साध्वियों के यौन शोषण मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद डेरा प्रमुख को भगाने कोशिश की गई थी व पंचकूला में दंगे भड़काए गए थे। 

 

पुलिस ने कोर्ट में 18 लोगों के खिलाफ चालान पेश किया था। इन 18 लोगों में से 6 डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की सुरक्षा में लगे कमांडो भी शामिल हैं। इन 6 कमांडो में कैथल के अजय, फतेहाबाद के राम सिंह, हांसी के बलवान सिंह, हिसार के कृष्णदास, चरखी दादरी के प्रीतम सिंह, सिरसा के खुशवीर सिंह ने बाबा को भगाने की साजिश में अहम किरदार निभाया था। पुलिस ने करीब 99 लोगों को गवाह बनाया है, अब मामले में ट्रायल शुरू होना है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News