आर.एल.ए. का सर्वर डाऊन, लोग हुए परेशान
punjabkesari.in Friday, Oct 14, 2016 - 08:42 PM (IST)
.jpg)
चंडीगढ़, (विजय) : एक बार फिर रजिस्ट्रिंग एंड लाइसैंसिंग अथॉरिटी (आर.एल.ए.) के हाईटैक होने के सभी दावे हवा-हवाई साबित हो गए। लगातार दूसरे दिन आर.एल.ए. के ऑफिस में सर्वर ठप्प हो गया। जिसके चलते अब लोगों के लिए यह रोजाना की परेशानी बनती जा रही है। शुक्रवार को लगभग 2 बजे आर.एल.ए. के सर्वर ने काम करना बंद कर दिया। जिसकी वजह से यहां आने वाले लोगों के लाइसैंस व फाइल सबमिट करने को लेकर काम नहीं हो पाए।
इससे एक दिन पहले वीरवार को पूरा दिन सर्वर नहीं चल पाया था जिसके चलते शुक्रवार सुबह 9 बजे से ही यहां पर ज्यादा संख्या में लोग आर.एल.ए. के सैक्टर-17 स्थित ऑफिस में पहुंचे थे। लेकिन सर्वर 5-6 फाइलें कम्पलीट करने के बाद ही रुक गया, जिसके बाद यहां पहुंचे लोगों और आर.एल.ए. के स्टाफ के बीच काफी देर तक बहस भी हुई। लोगों ने आर.एल.ए. के स्टाफ को कहा कि ये उनकी जिम्मेदारी है कि वे प्रॉपर इंतजाम काम के लिए रखे।
लोगों ने स्टाफ पर लगाए आरोप
आर.एल.ए. में पूरा दिन सैंकड़ों की संख्या में लोग पहुंचते रहे। लेकिन जब भी लोगों को यह पता चलता कि सर्वर डाऊन है तो इस पर लोग आर.एल.ए. स्टाफ को इसका जिम्मेदार ठहराते रहे। खासकर उन लोगों का गुस्सा आर.एल.ए. स्टाफ पर अधिक फूटा जिनके लाइसैंस बनाने का शुक्रवार को अंतिम दिन था। हालांकि दोपहर बाद थोड़ी देर के लिए सर्वर चलने लगा लेकिन लर्निंग लाइसैंस ही इस दौरान बन पाए।