सीएचबी 74 आवासीय व 93 व्यावसायिक संपत्तियों की करेगा ई-टैंडरिंग ​​​​​​​

punjabkesari.in Thursday, Nov 24, 2022 - 07:00 PM (IST)

चंडीगढ़,(राजिंद्र शर्मा)।चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) अपनी 74 आवासीय व 93 व्यावसायिक संपत्तियों की ई-टैंडरिंग करने जा रहा है, जो शहर के अलग-अलग सेक्टरों में बनी हुई है। सीएचबी ने प्रॉपर्टी के रिजर्व प्राइस की डिटेल जारी कर दी है, जिसे बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर बोलीदाता चैक कर सकते हैं। इच्छुक बोलीदाता शुक्रवार 25 नवंबर सुबह 10 बजे से अपनी पसंदीदा प्रॉपर्टी के लिए बोली जमा करवाना शुरु कर सकते हैं और 20 दिसंबर सुबह 10 बजे तक फाइनल बोली जमा करवाई जा सकेगी। इसी दिन 10.15 बजे ई-बिड्स ओपन की जाएंगी। ई-टैंडरिंग में जिस प्रॉपर्टी के लिए जिसकी बोली सबसे ज्यादा होगी, उसे प्रॉपर्टी बेच दी जाएगी। ई-टैंडरिंग में 74 आवासीय संपत्तियां को फ्री होल्ड, 1 व्यावसायिक संपत्ति को फ्री होल्ड और 92 व्यावसायिक संपत्तियों को लीज होल्ड पर रखा जाएगा। इसमें सेक्टर-63 के 3 बैडरुम फ्लैट का रिजर्व प्राइस 1.12 करोड़ रुपए रखा गया है।

 

 

 

पहले बोर्ड ई-नीलामी के जरिए आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों की नीलामी करता था, लेकिन अब बेहतर प्रस्तावों और गोपनियता को बरकरार रखने के लिए टेंडरिंग का सहारा ले रहा है। चंडीगढ़ प्रशासन की ई-टेंडरिंग वेबसाइट https://etenders.chd.nic.in पर बोली जमा कराई जा सकेगी। सीएचबी के अधिकारियों का कहना है कि ई-नीलामी में बयाना राशि बैंक में जमा करानी होती थी। उसके बाद बोर्ड द्वारा उस राशि को मंजूरी दी जाती थी और फिर वह बोली लगाता था। इससे बोलीदाता की गोपनियता खत्म हो जाती थी।

 

 

 

एनआरआई भी लगा सकते हैं बोली :
बोर्ड ने यह साफ किया है कि 18 वर्ष से ऊपर देश के किसी भी राज्य में रहने वाला व्यक्ति इस ई-टेंडरिंग की प्रक्रिया में भाग ले सकता है। प्रॉपर्टी खरीदने के लिए एनआरआई भी बोली लगा सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि जो भी आरक्षित मूल्य तय किया गया है, उसके अनुसार सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले व्यक्ति को ही मकान बेचा जाएगा। सेक्टर-38वैस्ट, 49, 51, 26, 63 व मनीमाजरा में ये प्रॉपर्टी बनी हुई है।

 

 

एरिया                             रिजर्व प्राइस

सेक्टर-63 थ्री बैडरुम              1.12 करोड़
सेक्टर-51 टू बैडरुम               95.34 लाख
सेक्टर-63 टू बैडरुम               79.03 लाख
सेक्टर-49 ईडब्ल्यूएस            27.08 लाख
सेक्टर-38वैस्ट ईडब्ल्यूएस     27.08 लाख


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Related News