आरोपी जोधा और उसके साथियों को भेजा 3 दिन के रिमांड पर

Saturday, Apr 07, 2018 - 08:14 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : शहर में लूट की संगीन वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी योधा सिंह उर्फ जोधा, गुलाब सिंह, अमरीक सिंह और देेवेंद्र सिंह को क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को जिला अदालत में पेश किया। आरोपियों को अदालत में पेश करने पर पुलिस ने वारदात की जांच को लेकर सभी आरोपियों के 7 दिन के रिमांड की मांग की। 

वहीं, पुलिस की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने चारों आरोपियों को 3-3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने चारों के शातिर अपराधी और जोधा के पहले भी पुलिस कस्टडी से फरार होने की दलील देते हुए उन्हें हथकडिय़ों में पेश करने की अपील की, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। 

पुलिस ने चारों के रिमांड के लिए दलील दी कि आरोपियों ने शहर में लूट की कई वारदात को अंजाम दिया था। इनसे लूटे गए पर्स, मोबाइल बरामद करने हैं। इसके अलावा शहर लूटी गई 2 कारों को पंजाब और हरियाणा के सिरसा से बरामद करना है। 

आरोपियों ने जिन रिवाल्वर के दम पर वारदात को अंजाम दिया था, वह भी बरामद करने हैं। पुलिस ने अदालत से चारों का पूछताछ और अन्य जांच के लिए सात दिन का रिमांड मांगा था। 

Punjab Kesari

Advertising