रोड रोलर से टकराई रेहड़ी, चालक की मौत

Tuesday, Oct 22, 2019 - 11:31 AM (IST)

मोहाली (कुलदीप): गत देर रात फेज-9 व 10 की लाइट प्वाइंट पर एक स्कूटरनुमा रेहड़ी एक रोड रोलर से टकराने के कारण हुए भयानक सड़क हादसे में रेहड़ी चालक की मौत हो गई। मृतक व्यक्ति का नाम संदीप है जो कि चंडीगढ़ के सैक्टर-56 का रहने वाला था। जानकारी मुताबिक मृतक संदीप शहर में जगह-जगह लगने वाली सब्जी मंडियों में फास्ट फूड की रेहड़ी लगाता था। 

 

रविवार की देर रात भी वह फेज-11 में लगी सब्जी मंडी में फास्ट फूड बेचने के बाद अपने घर वापस जा रहा था। जब वह फेज-9 व 10 की ट्रैफिक लाइट प्वाइंट के नजदीक पहुंचा तो वहां पर एक रोड रोलर से उसकी रेहड़ी टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों मुताबिक रेहड़ी इतने जोर से टकराई कि रेहड़ी और सामान भी सड़क के बीच बिखर गया। जानकारी मुताबिक संदीप निवासी सैक्टर-56 की करीब डेढ़ पहले ही शादी हुई थी। वह एक करीब सात माह की बेटी का बाप था।

 

परिजनों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की 
प्रत्यक्षदर्शियों मुताबिक उक्त हादसे में रेहड़ी चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। जिसकी सूचना भी पुलिस को दे दी गई थी। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन पहुंच गए लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। मौके पर काफी देर तक पुलिस के न पहुंचने पर परिजनों तथा राहगीरों ने रात को ही सड़क पर जाम लगा दिया तथा मोहाली पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।  

 

इसके बाद जब पी.सी.आर. टीम पहुंची तो उन्होंने शव उठाने से इंकार कर दिया। पी.सी.आर. पुलिस कर्मियों का कहना था कि संबंधित पुलिस स्टेशन में सूचित कर दिया है। अत: जांच अधिकारी के आने पर ही कोई कार्रवाई की जाएगी। काफी देर बाद जब जांच अधिकारी आया तो शव उठाया गया। परिजनों की मांग थी कि पी.सी.आर. कम से कम उसे उठा कर अस्पताल तो पहुंचा देती। लेकिन पी.सी.आर. ने ऐसा नहीं किया जिसे पुलिस की लापरवाही माना गया।

pooja verma

Advertising