रात के तापमान ने तोड़ा पिछले 7 वर्षों का रिकॉर्ड, 4 डिग्री गिरा तापमान

punjabkesari.in Tuesday, Mar 12, 2019 - 02:12 PM (IST)

चंडीगढ़ (रोहिला): मार्च माह शुरू हो गया है लेकिन ठंड जाने का नाम नहीं ले रही है। जैसे ही लोगों को थोड़ी राहत मिलनी शुरू होती है, मौसम फिर मिजाज बदल लेता है। ऐसा ही सोमवार को हुआ। पिछले चार पांच दिनों से जहां गर्मी महसूस हो रही थी, वहीं सोमवार तड़के अचानक काले बादल घिर आए और बारिश शुरू हो गई। 

 

दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। कुल 5.6 एम.एम बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में रविवार के मुकाबले 4 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को जहां शहर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री पार कर गया था, वहीं सोमवार को यह 22 डिग्री सैल्सियस पर आ पहुंचा। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों की मानें तो अभी मौसम का मिजाज फिर से बदलने के आसार हैं। 

 

14 मार्च को फिर बारिश होने की संभावना है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ एयरपोर्ट का अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सैल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री दर्ज किया गया।

 

रात के तापमान ने तोड़ा पिछले 7 वर्षों का रिकॉर्ड
मार्च माह के शुरू होने के बावजूद बेशक दिन के तापमान में ज्यादा इजाफा नहीं देखी गई है। इसके चलते सुबह-शाम अभी भी ठंड महसूस की जा रही है लेकिन रात का तापमान बड़ी तेजी से बढ़ रहा है। रविवार रात का तापमान 13.3 डिग्री सैल्सियस तक जा पहुंचा। इसने पिछले सात वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Recommended News

Related News