भाजपा के रविकांत बने चंडीगढ़ के नए मेयर

punjabkesari.in Saturday, Jan 09, 2021 - 12:33 AM (IST)

चंडीगढ़, (राय) : भाजपा के रविकांत शर्मा के तौर पर शुक्रवार को शहर का नया मेयर मिल गया। मेयर समेत सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों पर भी भाजपा ने ही जीत हासिल की। मेयर पद के लिए हुए मतदान में भाजपा के उम्मीदवार रविकांत को कुल 24 में से 17 मत मिले, वहीं कांग्रेस के देवेंद्र बबला को 5 ही वोट मिले। वहीं कुल 27 में से 24 वोट ही डाले गए। 24 में से दो वोट रिजैक्ट कर दिए गए। ऐसा बताया जा रहा है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों के मेयर उम्मीदवार को वोट डाल दिया गया था। अकाली दल के एकमात्र पार्षद हरदीप ने इस चुनाव का बायकॉट किया। सांसद की सेहत ठीक न होने के कारण उन्होंने चुनाव में हिस्सा नहीं लिया। भाजपा पार्षद हीरा नेगी कोरोना के चलते अस्पताल में भर्ती हैं। इसी कारण वोट डालने नहीं आ सकी।

 


सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए भाजपा के महेशइंद्र ने कांग्रेस की रविंद्र कौर गुजराल को हराया। महेश को 19 जबकि गुजराल को कोई वोट नहीं मिला। क्योंकि कांग्रेस ने सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर चुनाव का बहिष्कार कर दिया। ऐसे ही डिप्टी मेयर के लिए भाजपा की फर्मिला ने कांग्रेस के सतीश कैंथ को हराया। फर्मिला को कुल 19 वोट मिले, जबकि कैंथ को कोई वोट नहीं मिला। चुनाव प्रक्रिया को देखने के लिए पार्टी प्रभारी दुष्यंत गौतम और संंगठन मंत्री दिनेश कुमार भी मौजूद रहे।


काले कपड़े पहनकर पहुंचे हरदीप
अकाली दल के पार्षद हरदीप सिंह काले कपड़े पहनकर निगम सदन में पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह किसान आंदोलन के कारण मतदान नहीं करेंगे। अकाली पार्षद ने कहा कि आंदोलन के दौरान मृत किसानों की याद में दो मिनट का मौन रखा जाना चाहिए। बाद में वह सदन से बाहर चले गए। 


पारदर्शिता न बरतने की बात कहकर बहिष्कार
डिप्टी मेयर व सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने चुनाव का बहिष्कार किया। कांग्रेस ने मेयर पद के प्रत्याशी देवेंद्र सिंह बबला ने साथी पार्षदों के साथ यह कहते हुए सदन का बहिष्कार कर दिया कि मेयर चुनाव में पारदर्शिता नहीं बरती गई। पार्षदों ने मतदान के दौरान अपने साथ मोबाइल रखा और मत डालने के बाद तस्वीरें खींची। इस कारण वह चुनाव का बहिष्कार कर रहे हैं। ऐसा निगम इतिहास में पहली बार हुआ है जब कांग्रेस के पार्षदों ने मेयर चुनाव के बाद बहिष्कार किया हो।


मूलरूप से हिमाचल के ऊना निवासी हैं नए मेयर
रविकांत शर्मा मूलरूप से हिमाचल के ऊना के रहने वाले हैंं जो कि साल 1995 से चंडीगढ़ में रह रहे हैं।  पहली बार ही रविकांत शर्मा पार्षद बने हैं। उन्होंने चार साल पहले कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा की पत्नी को वार्ड नंबर-3 से हराया था, जबकि इस सीट पर 15 साल से कांग्रेस का कब्जा था। रविकांत शर्मा भाजपा के जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह पिछले साल नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर थे। वह ऐसे पहले पार्षद हैंं जो कि सीनियर डिप्टी मेयर के बाद सीधे मेयर बने हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vikash thakur

Recommended News

Related News