6 माह बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर रेप के आरोपी

punjabkesari.in Saturday, Dec 16, 2017 - 10:37 AM (IST)

मोहाली (कुलदीप): जिला मोहाली के गांव सिल्ल की रहने वाली एक अनुसूचित जाति से संबंधित नाबालिग लड़की के साथ गांव के ही तीन युवकों द्वारा रेप के मामले में पुलिस ने अभी तक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। लड़की के पेरैंट्स ने हाईकोर्ट तक भी पहुंच की जहां से पुलिस को आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश दिए गए लेकिन पुलिस ने हाईकोर्ट के आदेशों को भी हवा कर दिया। पुलिस ने आई.जी. पटियाला के निर्देर्शों पर यह केस जिला फतेहगढ़ साहिब में ट्रांस्फर कर दिया। 

 

पेरैंट्स अब कभी मोहाली पुलिस तो कभी फतेहगढ़ साहिब पुलिस के आफिसों के चक्कर काट कर थक चुके हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उन्हें कौन सी पुलिस से इंसाफ मिलेगा। अब पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार न किए जाने से परेशान लड़की के पेरैंट्स ने फैसला किया है कि अपनी बेटी को साथ लेकर एस.एस.पी. मोहाली के आफिस के आगे धरना शुरू कर देंगे और आरोपियों कीे गिरफ्तारी तक धरना जारी रखेंगे।

 

पुलिस स्टेशन घड़ुंआं में हुआ था केस दर्ज-
आज यहां फेज-5 में लड़की के पिता ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि करीब 6 महीने पहले उनकी बेटी के साथ उस समय रेप हो गया था जब वह अपने स्कूल से घर वापिस आ रही थी। पुलिस ने घडुंआं पुलिस स्टेशन में तीन आरोपियों हरमन सिंह, गग्गू तथा पलविन्द्र सिंह तथा एक महिला के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 341, 376, 506, 34 तथा पास्को एकट के तहत 3 जुलाई 2017 को केस दर्ज किया था। 

 

लड़की की पढ़ाई बीच में छूटी-
पीड़ित लड़की के पिता ने बताया कि उसकी बेटी नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। लेकिन उक्त महिला तथा तीनों अन्य आरोपियों की घिनौनी हरकत से उनकी बेटी की पढ़ाई भी बीच में ही छूट गई है।

 

पुलिस पर समझौते के लिए दबाव बनाने का आरोप
लड़की के पिता ने यह भी बताया कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने की बजाय उन पर आरोपियों के साथ समझौते के लिए दबाव बना रही है। आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही।

 

मुख्यमंत्री की पेशी दौरान मिलकर मांगेंगे इंसाफ-
उन्होंने यह भी कहा कि अगर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो वे आने वाली 16 दिसंबर को मोहाली अदालत में मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिन्द्र सिंह की पेशी मौके पर उन्हें मिल कर पुलिस की घटिया कारगुजारी की पोल खोलेंगे और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करवाने की मांग करेंगे।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News