राम रहीम मामला : सील हुआ शहर 2 दिन मत आना चंडीगढ़

Thursday, Aug 24, 2017 - 08:03 AM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील): साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के समर्थकों पर चंडीगढ़ पुलिस ड्रोन से नजर रखेगी। चंडीगढ़ को संवेदनशील मानते हुए पुलिस  ने पूरे शहर को बुधवार शाम छह बजे से 25 अगस्त तक सील कर दिया है। यह जानकारी डी.जी.पी. तजिंद्र सिंह लूथरा ने दी। उनके साथ डी.आई.जी. डॉ. ओ.पी. मिश्रा मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मोहाली, पंचकूला और जीरकपुर से आने वाले हर वाहन को रोककर चंडीगढ़ पुलिस पूछताछ करेगी। वाहन चालकों को चंडीगढ़ आने का कारण बताना पड़ेगा। चंडीगढ़ पुलिस ने सभी एंट्री प्वाइंट पर बैरिकेट्स लगाकर थाना पुलिस, रिजर्व बटालियन और पैरामिल्ट्री फोर्स लगाई है। 

 

मनीमाजरा, किशनगढ़ और मौलीजागरां में अतिरिक्त फोर्स 
चंडीगढ़ में सबसे ज्यादा फोर्स पंचकूला से लगते इलाके मनीमाजरा, किशनगढ़ और मौलीजागरां में लगाई गई है। इन इलाकों में चडीगढ़ पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स लगा रखी है। पुलिस को शक है कि पंचकूला से डेरा समर्थक चंडीगढ़ आ सकते हैं। लूथरा ने साफ कहा है कि जिन लोगों की चंडीगढ़ में जरूरत नहीं है उनको बर्दाशत नहीं किया जाएगा। 


 

अतिरिक्त वाहन भी मंगवाए
चंडीगढ़ में शांति बनाए रखने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने फोर्स के अलावा अतिरिक्त वाहन भी मंगवाए हैं, ताकि समर्थकों को पकड़कर क्रिकेट स्टेडियम सैक्टर-16 में बंद किया जा सके। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों और एंट्री प्वाइंट पर वीडियोग्राफी  की जाएगी। जिसकी सुपरविजन खुद डी.जी.पी. और डी.आई.जी. करेंगे। 

 

ईस्ट डिविजन में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च 
चंडीगढ़ पुलिस ने बुधवार को फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च ईस्ट डिविजन के डी.एस.पी. सतीश कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन और दड़वा में निकाला गया। पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर कह दिया है कि अगर डेरा समर्थक चंडीगढ़ में अशांति फैलाते हैं तो पुलिस उनके खिलाफ मामला दर्जकर उन्हें गिरफ्तार करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी तरह की हुडदंग बर्दाशत नहीं करेगी। 


 

पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द, ईश सिंघल संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा
शहर की सुरक्षा का जिम्मा एस.पी. हैडक्वार्टर डा. ईश सिंघल को दी गई है। इसके लिए पुलिस के 5 हजार जवानों को तैनात किया गया है। सभी पुलिस कर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गई हैं। इसके साथ ही चंडीगढ़ पुलिस द्वारा पंजाब एवं हरियाणा के साथ खुफिया जानकारियां सांझी की जा रही हैं। चंडीगढ़ में पहले से ही धारा 144 लगा दी गई है जो डेरा समर्थक चंडीगढ़ से होकर पंचकूला जाना चाहेंगे उन्हें नहीं जाने दिया जाएगा। ना ही किसी डेरा  समर्थक को पंचकूला से चंडीगढ़  आने दिया जाएगा। आने जाने के सभी मार्ग सील कर दिए जाएंगे।

 

पब्लिक करे पुलिस का सहयोग
डी.जी.पी. ने लोगों से अपील की है कि एंट्री प्वाइंट पर चैकिंग के दौरान लोगों को परेशानी होगी, लेकिन शहर में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ आम जनता पूरा सहयोग करे। इस दौरान गाडिय़ां चैक करते हुए जाम भी लग सकता है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से चैकिंग बहुत जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर शहर में कोई संदिग्ध घूमते दिखें तो तुंरत पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दें। 


 

Advertising