मेयर राजेश कालिया बोले - कुछ ही दिन में शहर को मिलेगा अतिरिक्त पानी

Thursday, Aug 08, 2019 - 11:07 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : शहर को आने वाले कुछ दिनों में कजौली वाटर वर्क्स के फेज-5 व 6 से अतिरिक्त पानी मिलना शुरू हो जाएगा। यह आश्वासन बुधवार को चंडीगढ़ के मेयर राजेश कालिया व निगमायुक्त के.के. यादव ने इस संबंध में जंडपुर में पंपिंग स्टेशन में चल रहे कार्य की समीक्षा करने के बाद दिया। जंडपुर के दौरे पर मेयर व निगमायुक्त के साथ मुख्य अभियंता मनोज बंसल, एस.ई. शैलेंद्र सिंह और निगम के अन्य संबंधित अधिकारी भी गए। 

मुख्य अभियंता ने मेयर और आयुक्त को अवगत करवाया कि जलापूर्ति योजना चरण 5 और 6 के तहत कजौली से चंडीगढ़ में अतिरिक्त 29 एम.जी.डी. रॉ पानी लाने का काम अब पूरा होने वाला है। कजौली से जंडपुर तक रॉ पानी को पंप करने का काम ग्माडा द्वारा किया गया है, जिसके लिए चंडीगढ़ निगम ने उन्हें 98 करोड़ रुपए जमा करवाए थे। सैक्टर-39 के वाटर वक्र्स तक जंडपुर (पंजाब) से कच्चे पानी को पंप करने का काम चंडीगढ़ नगर निगम को करना है व इसकी अनुमानित लागत 89 करोड़ रुपए है।

गमाडा ने शुरू की पंपिंग :
मुख्य अभियंता ने बताया कि रेलवे द्वारा महरौली के पास रेलवे ट्रैक के नीचे पाइपलाइन की मुरम्मत करने व उसके परीक्षण के बाद ग्माडा द्वारा पंपिंग शुरू कर दी गई है। यह पिछले सप्ताह कजौली वाटर वर्क्स से शुरू हो गई थी। 

उन्होंने बताया कि पानी 8 अगस्त से जंडपुर पंप हाऊस में टंकी तक पहुंच जाएगा। पंपिंग मशीनरी के कामकाज की जांच और पुनॢनधारण व जंडपुर में कच्चे पानी के आने से पहले टंकी को साफ करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं व 2-3 दिन में पानी वहां पहुंचने की उम्मीद है।

29 एम.जी.डी. पानी चंडीगढ़ के हिस्से आएगा :
कजौली वाटर सप्लाई स्कीम के फेज-5 व 6 से 35 एम.जी.डी. अतिरिक्त पानी मिलेगा। इसमें से 29 एम.जी.डी. पानी चंडीगढ़ के हिस्से में आएगा।  इसके अतिरिक्त पंचकूला व चंडीमंदिर कैंटोनमैंट को 3-3 एम.जी.डी. अतिरिक्त पानी मिलेगा। 

इस परियोजना की कुल लागत 200 करोड़ रुपए है जिसमें से 50 प्रतिशत राशि, 98 करोड़ रुपए, ग्माडा को वर्ष 2015 में जमा करवा दिए गए थे। यहां जंडपुर से वाटर वक्र्स सैक्टर-39 तक करीब 1500 एम.एम. की पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जिसकी लंबाई 6 किलोमीटर है। 

कजौली से जंडपुर तक बिछाई पाइप :
2200 एम.एम. की पाइप, जो 22 किलोमीटर तक कजौली से जंडपुर तक है, को ग्माडा ने बिछा दिया है। इस दौरान दो रेलवे ट्रैक लाइन से पार किए गए हैं। एक पंजाब का गांव महरौली और दूसरा पंजाब के मोरिंडा रेलवे स्टेशन के पास स्थित है।

Priyanka rana

Advertising