बारिश से हटी धूल की चादर, मौसम हुआ खुशनुमा

Sunday, Jun 17, 2018 - 08:32 AM (IST)

चंडीगढ़(रश्मि) : कई दिनों से धूल भरे माहौल में सांस लेने को तरस रहे शहरवासियों को आखिरकार शनिवार को राहत मिली। रात को तेज बारिश हुई। शनिवार दिन में भी रुक-रुक कर बारिश होती रही। शाम करीब 6 बजे तूफानी बारिश ने वायुमंडल पर छाई सारी गर्द धो डाली। 20 मिनट जोरदार बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम खुशनुमा बना दिया। रात को 10:30 बजे फिर बारिश हुई। 

हालांकि बारिश ने ट्राईसिटी की सूरत भी बिगाड़ दी। 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंबे गिरा दिए। दमकल विभाग में एक साथ फोन की घंटियां बजने लगीं। सैक्टर-38, रामदरबार और सैक्टर-26 की ओर दमकल की गाडिय़ां दौड़ती नजर आईं। हालांकि किसी भी तरह के जानी नुक्सान का समाचार नहीं है। 

हवाओं की स्पीड इतनी तेज थी कि पार्किंग्स में खड़े स्कूटर तक गिर गए। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। बारिश का रात सवा एक बजे शुरू हुआ जो शनिवार शाम तक जारी रही। शहरवासियों को काफी हद तक गर्मी और उमस से राहत मिली। शहर की हवा में प्रदूषण की मात्रा में भी कमी दर्ज की गई। 

6 डिग्री लुढ़का पारा :
जहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं शनिवार को 6 डिग्री की गिरावट के साथ यह 29.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। रात के तापमान भी 7 डिग्री गिरने की उम्मीद है। 

बिजली सप्लाई भी रही बाधित :
तूफानी बारिश के कारण कई सैक्टरों में बिजली सप्लाई भी बाधित हुई। इनमें सैक्टर-19, 20, 21, 23, 24, 25, 38, 39 , 40, 43, अटावा, बुटरेला और धनास आदि शामिल हैं। कई सैक्टरों में तीन-तीन घंटे तक कट लगा। सैक्टर-21 में 6 घंटे बिजली सप्लाई बाधित रही। 

यहां गिरे पेड़ :
-सैक्टर-55 में मकान नंबर-150 के पास
-सैक्टर-36डी में मकान नंबर-611 के पास
-डड्डूमाजरा के पास
-मलोया में 
-सैक्टर-40 की पार्किंग में
-सैक्टर-25 में 
-मनीमाजरा में  
-सैक्टर-39 और सैक्टर-28 में 

Punjab Kesari

Advertising