लगातार तीसरे दिन जारी रही भारी बारिश, आज भी बरसेंगे बादल

Monday, Sep 30, 2019 - 10:02 AM (IST)

चंडीगढ़(वैभव) : शहर में पिछले तीन दिनों से बदला जम कर बरस रहे हैं। इसकी वजह से तापमान में काफी गिरावट आई है और फिजाओं में ठंडक घुल गई है। रविवार अलसुबह शुरू हुई बारिश दिनभर रुक-रुक कर जारी रही। 

मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटे में 15.3 एम.एम. बारिश रिकॉर्ड की गई है। तेज बारिश ने वाहनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दी।

सड़कों पर पानी भरा रहा, जिससे यातायात प्रभावित रहा। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सैल्सियस रहा।

5 अक्तूबर तक रहेगा ऐसा मौसम :
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और भी गिरावट देखने को मिलेगी। मौसम के मिजाज को देख कर लग रहा है कि इस बार ठंड जल्दी शुरू हो जाएगी।

मौसम विभाग ने सोमवार को भी तेज बारिश की संभावना जताई है। उसके अलावा 5 अक्तूबर तक शहर में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। 

इंडस्ट्रीयल एरिया का अंडरब्रिज बंद :
भारी बारिश की वजह से इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 में बने अंडरब्रिज पर पानी भर गया। शुक्रवार को यहां से आवाजाही बंद कर दी गई थी।

हालांकि शनिवार को पानी का स्तर कम होने पर वाहनों का आवागमन वहां से होने लगा था लेकिन शनिवार देर रात से हो रही बारिश के बाद रविवार को इसे बंद कर दिया गया।  

रामलीला मंचन पर पड़ा असर :
शहर में रामलीला मंचन का दौर शुरू हो चुका है लेकिन शुक्रवार से लगातार हो रही तेज बारिश ने रामलीला मंचन पर असर डाला है।

कई सैक्टरों के ग्राऊंड में पानी भरने की वजह से लोगों के बैठने की जगह नहीं रही। वहीं, कुछ जगहों पर स्टेज गीला हो गया। ऐसे में कलाकारों को रामलीला मंचन करने में खासी दिक्कत आ रही है।

Priyanka rana

Advertising