गर्मी और उमस झेल रहे शहरवासियों को मिली राहत, तापमान गिरा

Sunday, Aug 18, 2019 - 11:16 AM (IST)

चंडीगढ़(वैभव) : काफी दिनों से गर्मी और उमस झेल रहे शहरवासियों को शनिवार दोपहर हुई तेज बारिश से राहत मिली। देर रात तक रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी बारिश के आसार हैं। वैस्टर्न डिस्टर्बैंस के चलते बारिश के आसार बने हैं। 

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह 8:30 बजे तक शहर में 18.2 और शाम 5:30 बजे तक 6.7 एम.एम. बारिश रिकॉर्ड की गई। शहर के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री दर्ज किया गया। 

भारी बारिश से शहर की सड़कों और कई इलाकों में जलभराव हो गया। तेज बारिश की वजह से शहर में जगह जगह पर पेड़ गिरे। सैक्टर-36 स्थित इस्कान मंदिर के पास एक पेड़ गिर गया। सुखना लेक के पास बनी सड़क के पास भी कई पेड़ गिरे। हालांकि इन घटनाओं में जान-माल का नुक्सान नहीं हुआ। 

देरी से पहुंचा मानसून, लेकिन बारिश अच्छी हुई :
हालांकि इस बार चंडीगढ़ में मानसून की एंट्री देरी से हुई थी लेकिन शुरुआत में अच्छी बारिश होने से कई साल के रिकार्ड भी टूटे। जुलाई में लगातार छह दिन बारिश होती रही। इस दौरान बारिश सामान्य से ज्यादा दर्ज की गई। 

मगर उसके बाद तो चंडीगढ़ भारी बारिश के लिए तरस गया। इसके बाद अगस्त में अब तक एक भी बार 15 एम.एम. से ज्यादा बारिश नहीं हुई। मानसून की बारिश में करीब 35 फीसदी की रिकार्ड कमी दर्ज की गई। बीच में वैस्टर्न डिस्टर्बैंस आए लेकिन वे मानसून को सपोर्ट नहीं कर पाए। इस वजह से बारिश की कमी बनी रही और लोगों को गर्मी व उमस झेलनी पड़ी।

आज भारी बारिश की चेतावनी :
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी शहर में भारी बारिश होने संभावना है। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहेगा। सोमवार को भी तेज बारिश का दौर जारी रहेगा और अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सैल्सियस रहेगा। मंगलवार को बादल छाए रहेंगे। 

सुखना का जलस्तर 1160 फीट के पार :
बारिश के कारण सुखना का जलस्तर डेढ़ फुट बढ़ गया है जोकि खतरे के निशान से मात्र तीन फीट कम है। विशेषज्ञों की माने तो अगर 24 घंटे तक लगातार बारिश होती है तो सुखना का जलस्तर खतरे के निशान 1163 फीट को पार कर सकता है, जिसके बाद सुखना एंड के गेट खोलने पड़ सकते हैं। 

24 घंटे पहले सुखना का जलस्तर 1158.5 फीट पर था। मौसम विभाग की मानें तो अनुमान है कि आने वाले 24 घंटो में लगातार तेज बारिश होने की संभावना है। अगर अनुमान सही साबित हुआ तो मुश्किलें पैदा हो सकती है।

Priyanka rana

Advertising