रेलवे स्टेशन के सफाई कर्मियों को नहीं मिल रहा पूरा भत्ता

punjabkesari.in Monday, Jun 04, 2018 - 11:34 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : रेलवे स्टेशन की सफाई करने वाले कर्मचारियों ने ठेकेदार की ओर से डी.सी. रेट न देने तथा कर्मचारियों की संख्या कम होने को लेकर सीनियर डी.सी.एम. तथा अम्बाला मंडल के डी.आर.एम. को लिखित शिकायत दी है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि कर्मचारियों की संख्या कम होने के कारण ठेकेदार तथा सी.एच.आई. द्वारा 8 घंटे के बजाय 12 घंटे ड्यूटी करवाई जा रही है, जबकि वेतन सिर्फ 8 घंटे का मिलता है।

सफाई कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि उन्हें डी.सी. रेट के हिसाब से वेतन मुहैया करवाया जाए। इसके साथ ही माह में 4 रविवार की छुट्टी दी जाए। अभी उन्हें 4 रविवार में से दो ही छुट्टी मिलती हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सफाई के समय ग्लब्स भी ठेकेदार की ओर से मुहैया नहीं करवाए जाते हैं। 

चैकिंग के दौरान नहीं मिले पूरे कर्मचारी :
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर सीनियर डी.ई.एन.-1 ने अचानक सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए दौरा किया। इस दौरान जब ठेकेदार के सुपरवाइजर से सभी कर्मचारियों को प्लेटफार्म नंबर एक पर बुलाने के लिए कहा तो सिर्फ 14 सफाई कर्मचारी उपस्थित हुए। 

इस पर अधिकारी ने सुपरवाइजर की क्लास भी लगाई। बाकी के 13 सफाई कर्मचारी कहां हैं, इसका किसी के पास जवाब नहीं था। जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुबह की शिफ्ट में 27 सफाई कर्मचारियों को नियुक्त करने की बात टैंडर में की गई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News