चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा राम भरोसे

Monday, May 14, 2018 - 12:31 PM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन ) : चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से ट्रेनों में सफर करने वाले 15 हजार से भी अधिक यात्रियों की सुरक्षा राम भरोसे है। क्योंकि रेलवे की ओर से चंडीगढ़ से चलने वाली सिर्फ तीन ट्रेनों में ही आर.पी.एफ. के जवान तैनात किए जाते हैं। हालांकि विभाग की ओर से दावे तो बहुत किए जाते हैं लेकिन सुरक्षा की सही तस्वीर देखी जाए तो सिर्फ दिखावा ही है। 

हाल ही में इंदौर-चंडीगढ़ एक्सप्रैस में हुई लूट से यही स्पष्ट होता है कि ट्रेन में सफर करने वाले यात्री अपनी सुरक्षा खुद करें। देश में तकरीबन 70 प्रतिशत रेल यात्री सुपरफास्ट, एक्सप्रैस तथा मेल ट्रेनों में सफर कर रहे हैं लेकिन विभाग की ओर से इन यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कोई नहीं ले रहा है। 

चंडीगढ़ से चलने वाली सिर्फ 3 ट्रेनों में आर.पी.एफ. की स्क्वायड चलती है। इन ट्रेनों में चंडीगढ़-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रैस में 4 जवान हमेशा तैनात किए जाते हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ से ऐसी कई ट्रेनें हैं जो रोजाना चलती हैं लेकिन उनमें सुरक्षा के लिए कोई भी जवान तैनात नहीं किया जाता है। 

दिल्ली-निजामुद्दीन व अलीगढ़ संवेदनशील इलाके :
रेल यात्रियों का मानना है कि ट्रेनों में अधिकतर चोरियां दिल्ली-निजामुद्दीन स्टेशनों के बीच होती हैं। इस इलाके में चोरों का बड़ा गिरोह सक्रिय है। इंदौर सिटी एक्सप्रैस में लूट के शिकार हुए परिवार का कहना है कि इस रूट पर अधिकतर यात्रियों के सामान चोरी होते हैं। 

दिल्ली से अलीगढ़ रूट पर भी यात्रियों के साथ लूटपाट होती है। सूत्रों के अनुसार रेलवे अधिकारियों की ओर से भी इन दोनों रूटों को संवेदनशील माना गया है। इसके बाद भी इस रूट की सभी ट्रेनों में पुलिस जवान तैनात नहीं किए जा रहे हैं। 

इन ट्रेनों में नहीं सुरक्षा के इंतजाम :
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से 15 से अधिक ट्रेन ऐसी हैं, जिनमें यात्रियों की सुरक्षा के लिए कोई भी जवान तैनात नहीं किया जाता है। इन ट्रेनों में 70 प्रतिशत से अधिक यात्री सफर करते हैं। इसके बाद भी रेलवे की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

1. पश्चिम एक्सप्रैस 
2.अजमेर गरीब रथ 
3.गंगा-भटिंडा-कालका
4.हिमालय क्वीन
5.ऊंचाहार एक्सप्रैस 
6.बाड़मेर एक्सप्रैस
7.बांद्रा एक्सप्रैस
8.पाटलीपुत्र एक्सप्रैस
9.अमृतसर सुपरफास्ट 
10.इंदौर सिटी 
11.इंटरसिटी सुपरफास्ट 
12.चंडीगढ़-जयपुर 
13.डिब्रूगढ़
14.चंडीगढ़-गोरखपुर 
15.चंडीगढ़ लखनऊ एक्सप्रैस 

इन ट्रेनों में चलते हैं आर.पी.एफ. और जी.आर.पी. के जवान :
1. कालका-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रैस।
2. चंडीगढ़-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रैस।
 3. सद्भावना सुपरफास्ट लखनऊ एक्सप्रैस।
4. कालका-हावड़ा मेल।
5. अमृतसर इंटरसिटी।

Punjab Kesari

Advertising