स्मॉग के आगे रेलवे बेबस, ट्रेनें घंटों लेट; अधिकारी असमर्थ
punjabkesari.in Saturday, Nov 11, 2017 - 12:26 PM (IST)

चंडीगढ़, (लल्लन): अभी रेलवे की ओर से फॉग को लेकर तैयारियां शुरू ही कि थी कि अचानक वातावरण में स्मॉग आने के कारण रेलवे की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश तथा बिहार से आने वाली तकरीबन सभी ट्रेनें 7 से 8 घंटे लेट हैं। यही नहीं, चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच चलने वाली सुपर फास्ट ट्रेनें अपने तय समय से 3 से 4 घंटे लेट रही। शुक्रवार को शाम 8 बजे तक की जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ पहुंचने वाली 8 से अधिक ट्रेनें लेट चल रही हैं। स्मॉग का असर अब सड़क यातायात के साथ-साथ रेल यातायात पर भी पडऩे लगा है। रेल अधिकारी भी इसमें अपनी असमर्थता बता रहे हैं।
फ्लाइट्स तय समय पर आपरेट हुई :
हालांकि शुक्रवार को चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट से दिल्ली व मुंबई तथा अन्य राज्यों की फ्लाइट्स तय समय में आपरेट हुई हैं। इंटरनैशनल एयरपोर्ट के सी.ई.ओ. सुनील दत्त ने बताया कि फ्लाइट्स नंबर 9 डब्ल्यू 471/642 अपने तय समय से सिर्फ 30 मिनट लेट हुई।
यह है ट्रेनों की स्थिति :
लखनऊ से चंडीगढ़ आने वाली सद्भावना एक्सप्रैस तीन घंटे देरी से चल रही है जबकि शताब्दी एक्सप्रैस जो दिल्ली से चलकर चंडीगढ़ 11.05 बजे पहुंचती है, शुक्रवार को चंडीगढ़ स्टेशन 13.55 बजे पहुंची। लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रैस को चंडीगढ़ 10 बजे पहुंचना था, यह ट्रेन शुक्रवार को 5.30 बजे शाम तक स्टेशन नहीं पहुंची थी। बांद्रा एक्सप्रैस जिसका समय चंडीगढ़ स्टेशन पर 16.20 का है, लेट होने की वजह से यह रात के 2 बजे आने की सूचना मिली है। वहीं बैंगलूर एक्सप्रैस जिसका आने का समय 6 बजे शाम का, है खबर लिखे जाने तक स्टेशन पर नहीं आई थी। अधिकारी बताते हैं कि यह सात घंटे लेट आने की सूचना है। पश्चिम एक्सप्रैस (12925) भी तीन घंटे लेट आने की सूचना है। चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रैस (15011) इसका आने का समय 14.50 है। शाम के सात बजे तक स्टेशन नहीं आई थी। वहीं ऊंचाहार एक्सप्रैस (14217) जिसका आने का समय सुबह दस बजे है, शाम के सात बजे तक नहीं आई थी। हालांकि रेलवे का दावा है कि अबकी बार धुंध से निपटने के लिए रेलवे के पास पुख्ता इंतजाम और पक्की तैयारी है। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि पीछे से गाडिय़ां देरी से चलती हैं जिस वजह से समय सारिणी में यह पिछड़ती चली जाती हैं।