चंडीगढ़ की तेजस तो चली नहीं, और चलाने की कर दी घोषणा

Sunday, Feb 02, 2020 - 09:05 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : शहर से चलने वाली तेजस ट्रेन ट्रैक से गायब है, लेकिन रेलवे व सरकार के कागजों पर फराटे के साथ दौड़ रही है। क्योंकि चंडीगढ़-दिल्ली के बीच चलने वाली तेजस अभी तक चल नहीं सकी और रेलमंत्री निर्मला सीतारमण ने कई जगह नई तेजस चलाने की घोषणा तक कर दी है। 

रेलमंत्री की तरफ से तेजस ट्रेन को छोड़कर किसी ट्रेन को चलाने की बात नहीं कही गई। हालांकि उन्होंने रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के लिए बजट की घोषणा की है। ऐसे में देखा जाए तो शहरवासियों को सिर्फ अश्वासन ही मिला है। 

चंडीगढ़-दिल्ली के बीच तेजस ट्रेन को चलाने के लिए समर शैडूयूल-2016 में घोषणा भी कर दी गई थी, लेकिन इसके बाद भी बोर्ड की तरफ से यह ट्रेन नहीं चलाई जा सकी। ऐसे में नई तेजस ट्रेन की सिर्फ कल्पना ही की जा सकती है।

टाइम तक तय कर दिया था :
रेलवे की ओर से 29 सितम्बर 2016 को रेलवे की ओर से ट्रेनों का शैड्यूल जारी किया गया था। इसमें चंडीगढ़-दिल्ली के बीच का सफर 3 घंटे में बताया गया था। साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद भी अभी तक तेजस शुरू नहीं हो सकी। 

यही नहीं रेलवे बोर्ड की ओर से गाड़ी संख्या भी घोषित कर दी गई थी। दिल्ली से गाड़ी संख्या 22425 सुबह 9.40 बजे चलकर चंडीगढ़ दोपहर 12.40 बजे पंहुचनी थी। वहीं चंडीगढ़ से यह गाड़ी संख्या 22426 दोपहर 2.35 बजे चलकर शाम 5.30 बजे पहुंचनी थी, लेकिन इसके बाद भी तेजस नहीं चल सकी।

फ्रांस की टीम ने कर्व को लेकर की थी स्टडी :
चंडीगढ़-दिल्ली के बीच की दूरी करीब 245 किलोमीटर है। ऐसे में 32 किलोमीटर के भीतर ही 10 कर्व शामिल हैं। ऐसे में रेलवे की ओर से सेमी हाई स्पीड चलाने के लिए यह कर्व सिर दर्द बने हुए हैं। 

क्योंकि फ्रांस टीम का दावा है कि इन कर्व पर स्पीड कम करके भी दूरी 2 घंटे में पूरी की जा सकती है, लेकिन जानकारी के अनुसार चंडीगढ़-अंबाला रूट के बीच ही तकरीबन 7 कर्व शामिल हैं। ऐसे में आप अनुमान लगा सकते हैं कि यदि रेलवे की ओर से कर्व ठीक करने के लिए भूमि अधिग्रहण करने की योजना बनाते हैं तो सेमी हाई स्पीड कार्य काफी लंबा खींच सकता है।

तेजस को हटाकर ट्रेन-18 चलाने की भी हुई थी बात :
चंडीगढ़-दिल्ली तेजस को चलाने के बारे में जब रेलवे के उच्चाधिकारियों से बात करते हैं, तो उनके अलग-अलग तर्क होते हैं। नॉदर्न रेलवे के जी.एम. तो यहां तक कहते हैं कि तेजस की जगह ट्रेन-18 चलेगी तो कई बार अधिकारी कहते हैं कि बुलेट ट्रेन चलेगी। यह वाक्य यही नहीं रूकता और कहा जाता है कि अब वंदे भारत ट्रेन चलेगी।

Priyanka rana

Advertising