मनीमाजरा में बेकरी की फैक्टरियों पर हैल्थ डिपार्टमैंट व SDM की रेड

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2020 - 10:18 AM (IST)

चंडीगढ़(ब्यूरो) : चंडीगढ़ प्रशासन ने मनीमाजरा के शास्त्री नगर में मौजूद बेकरी की कई फैक्टरियों पर हैल्थ डिपार्टमैंट के साथ मिलकर रेड मारी। यहां पर दो ट्रक खाने का सामान डिस्ट्राय किया गया। यह कार्रवाई एपिडैमिक एक्ट के तहत की गई, लेकिन यह जानने की कोशिश नहीं की गई कि जिस जमीन पर ये फैक्टरियां या मकान बने हैं, वह इलीगल है या लीगल? प्रशासन पूरी तरह से इसको लेकर बेखबर है। पुलिस बल के साथ हैल्थ डिपार्टमैंट के फूड इंस्पैक्टर की अगुवाई में एस.डी.एम. ईस्ट सुधांशु गौतम के आदेश पर पूरी टीम ने यह रेड मारी। ये बेकरियां एग्रीकल्चर लैंड पर बनी हुई हैं।

PunjabKesari

यहां पक्की कंस्ट्रक्शन की गई है। लैंड यूज चेंज नहीं किया गया है। बावजूद इसके प्रशासन की टीम ने यह जांचने की कोशिश नहीं की कि जिस जमीन पर ये फैक्टरियां बनाई गई हैं वह लीगल भी है या नहीं? बता दें कि एस.डी.एम. उस एरिया के लैंड एक्वीजीशन अफसर के ओहदे पर भी हैं और पेरीफेरी में हो रही कंस्ट्रक्शन वैध है या अवैध, यह जांचना भी उनकी जिम्मेदारी है। 

घर-घर फैक्टरियां, फायर एग्जिट तक नहीं :
यहां घर-घर में फैक्टरियां भी चल रही हैं। इन फैक्टरियों में न तो फायर एग्जिट है और न ही कोई अन्य एन.ओ.सी.। इनके पास फूड लाइसैंस भी नहीं हैं। 

दो बार पत्र लिखा, तीसरी बार भी रिमाइंडर भेजा :
हैल्थ डिपार्टमैंट ने वर्ष 2018 में चंडीगढ़ प्रशासन के एस.डी.एम. ईस्ट को एक लैटर लिखा था, जिसमें बताया गया था कि शास्त्री नगर में यह बेकरियां बिलकुल अवैध तौर पर चल रही हैं। इनके पास बेकरियां चलाने का फूड लाइसैंस तक नहीं है। 

PunjabKesari

एग्रीकल्चर लैंड पर तीन-तीन मंजिलों के घरों के भीतर बनी ये फैक्टरियां लैंड यूज कानून का भी उल्लंघन कर रही हैं क्योंकि इसे परिवर्तित नहीं कराया गया है। वर्ष 2019 में इसको लेकर दोबारा लैटर तत्कालीन एस.डी.एम. को लिखा गया। इसका तीसरा रिमाइंडर भी भेजा गया। 

स्वास्थ्य विभाग ने अब विस्तार से जानकारी मांगी :
चूंकि एस.डी.एम. सुधांशु गौतम को हाल ही में यह प्रभार मिला लिहाजा एस.डी.एम. आफिस इसकी तह में जाना चाहता था। उन्होंने हैल्थ डिपार्टमैंट को विस्तार से इस मसले पर जानकारी देने को कहा गया। 

जनवरी 2020 में हैल्थ डिपार्टमैंट की ओर से जानकारी दी गई, जिस पर बुधवार को हुई कार्रवाई के दौरान हैल्थ व फूड डिपार्टमैंट के इंस्पैक्टर ने दो ट्रक पैटीज के भरकर सामान नष्ट कर दिया। 

आज से नोटिस सर्व किए जाएंगे : सुंधाशु गौतम
एस.डी.एम. ईस्ट सुधांशु गौतम ने बताया कि नवम्बर 2019 में उन्हें हैल्थ डिपार्टमैंट की ओर से अवैध तौर पर चल रही बेकरियों के बारे में एक लैटर मिला था। उन्होंने इसको लेकर कई विस्तृत जानकारियां मांगी थी। दोबारा लैटर जनवरी में मिला जिसके बाद इन पर कार्रवाई शुरू की गई। इलाके के इंस्पैक्टर छुट्टी पर थे लिहाजा उनकी जगह दूसरे इंस्पैक्टर की अगुवाई में टीम भेजी गई जिसने कार्रवाई कर सामान जब्त कर लिया। 

PunjabKesari

अवैध तौर पर फैक्टरियों की शक्ल में चल रही इन बेकरियों को वीरवार से बड़ी तादाद में नोटिस सर्व किए जा रहे हैं। जिन बेकरियों के पास लाइसेंस नहीं हैं, उन्हें बंद किया जाएगा। फैक्टरियां व घर एग्रीकल्चर लैंड पर और अवैध तौर पर बने हैं के बारे में उन्होंने कहा कि पेरीफेरी एक्ट के तहत यह देखने वाली बात है कि मकान लाल डोरे के भीतर है या बाहर। लाल डोरे के बाहर अगर अवैध तौर पर मकान बने हैं तो इन पर बेझिझक कार्रवाई होगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News