‘राजभवन में बंकर निर्माण से पहले शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें प्रशासक’

Monday, Dec 30, 2019 - 10:58 AM (IST)

चंडीगढ़(ब्यूरो) : पंजाब राजभवन में बंकर के निर्माण का मामला लगातार गर्माता जा रहा है। शहर के कुछ सामाजिक संगठनों ने बंकर निर्माण पर सवाल उठाते हुए कहा है कि चंडीगढ़ के प्रशासक व पंजाब के राज्यपाल को अपनी सुरक्षा से पहले शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। 

चंडीगढ़ पूर्वांचल एकता मंच के अध्यक्ष रमेश शर्मा और महासचिव प्रेमपाल चौहान ने प्रैस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि चंडीगढ़ प्रशासक केवल अपनी सुरक्षा की चिंता कर रहे हैं, जो सही नहीं है। चंडीगढ़ प्रशासन को पहले शहर में रहने वाले विशेष व्यक्तियों, अधिकारियों और आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने पर ध्यान ना चाहिए। 

विशेष बैठक बुलाई :
इस पर रविवार को श्री हिंदू तख्त ने भी एक विशेष बैठक बुलाई। इस बैठक की अध्यक्षता हिंदू तख्त के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक तिवारी ने की। तिवारी ने कहा कि राजभवन में बंकर के निर्माण ने शहरवासियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। खुद श्री हिंदू तख्त के पदाधिकारी भी इस बात से चिंतित है कि आखिर राजभवन में बंकर निर्माण की वजह क्या है। 

अगर चंडीगढ़ पर वाकई कोई खतरा मंडरा रहा है तो चंडीगढ़ प्रशासन को उन कारणों को स्पष्ट करना चाहिए, ताकि शहर के आम बाशिंदे भी अपनी सुरक्षा की व्यवस्था कर सकें। तख्त के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि संगठन के पदाधिकारी जल्द ही प्रशासन के उच्चाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

Priyanka rana

Advertising