पंजाब पुलिस और बी.एस.एफ. ने ज्वाइंट ऑप्रेशन में दो पाकिस्तानी तस्कर पकड़े, 29.2 किलो हैरोइन बरामद
punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2023 - 09:01 PM (IST)

चंडीगढ़,(रमनजीत): पंजाब पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) के साथ सांझे ऑप्रेशन में पाकिस्तान की तरफ से सरहद पार चलाए जा रहे नशा तस्करी के नैटवर्क को बड़ा झटका देते हुए दो पाकिस्तानी तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक तस्कर सुरक्षा बलों के साथ गोलीबारी के दौरान जख्मी भी हुआ है। इस ऑप्रेशन में दोनों तस्करों से हैरोइन के 26 पैकेट बरामद किए गए हैं, जिनका वजन 29.2 किलो है। डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान मुहम्मद अजमल रियान निवासी गांव कंगणपुर जिला कसूर (पंजाब) पाकिस्तान और सिवना निवासी गांव अलीपुर जिला कसूर (पंजाब) पाकिस्तान के तौर पर हुई है। डी.जी.पी. ने कहा कि इस महीने दौरान पंजाब पुलिस की तरफ से बरामद की गई हैरोइन की यह आठवीं बड़ी खेप है। सिर्फ 20 दिनों में ही हैरोइन की कुल बरामदगी 142 किलो हो गई है।
डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए काऊंटर इंटेलिजैंस लुधियाना और सी.आई. फिरोजपुर ने बी.एस.एफ. के साथ मिलकर फिरोजपुर के गांव गजनी वाला क्षेत्र में एक ऑप्रेशन चलाया। इस दौरान दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के बाद दो पाकिस्तानी तस्करों को गिरफ्तार किया गया, एक तस्कर गोलीबारी में घायल हो गया। उसके दाहिने बाजू में गोली लगी और उसे इलाज के लिए ममदोट स्थित बी.एस.एफ. अस्पताल दाखिल किया गया है।
स्पैशल डी.जी.पी. (अंदरूनी सुरक्षा) आर.एन. ढोके ने बताया कि अंदरूनी सुरक्षा विंग ने 1 जनवरी 2023 से अब तक 193 किलोग्राम हैरोइन बरामद की है। ए.आई.जी. सी.आई. लुधियाना सिमरतपाल सिंह ढींडसा ने बताया कि सरहद पार से भारी मात्रा में हैरोइन की आमद होने की सूचना पर यह ऑप्रेशन चलाया गया। इस मामले में अन्य गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है। ए.आई.जी. सी.आई. फाजिल्का लखबीर सिंह ने बताया कि इस संबंधी एन.डी.पी.एस. एक्ट, भारतीय पासपोर्ट एक्ट, विदेशी नागरिक एक्ट की धारा 14 के अंतर्गत थाना एस.एस.ओ.सी. फाजिल्का में मामला दर्ज किया गया है।
20 दिनों में हैरोइन की आठ बड़ी खेप बरामद
17 अगस्त: जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नशा तस्कर जोगा सिंह निवासी गांव राजापुर, लुधियाना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 किलो हैरोइन बरामद की।
11 अगस्त: सी.आई. अमृतसर ने सरहद पार से नशा तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तस्कर हरपाल सिंह उर्फ भल्ला निवासी गांव लक्खना, जिला तरनतारन को गिरफ्तार कर 5 किलो हैरोइन बरामद की।
10 अगस्त: अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सरहद पार से नशा तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 12 किलो हैरोइन बरामद की।
6 अगस्त: काऊंटर इंटेलिजैंस फिरोजपुर ने सरहद पार से नशा तस्करी के दो रैकेटों का पर्दाफाश करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से कुल 77.8 किलो हैरोइन और तीन पिस्तौलें बरामद की।
5 अगस्त: एस.एस.ओ.सी. अमृतसर ने महतपुर के गांव बुटे दीया छन्ना में सड़क के नीचे छुपाकर रखी 4 किलो हैरोइन बरामद की।
3 अगस्त: एस.एस.ओ.सी. अमृतसर ने सरहद पार से नशा तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश करते हुए नशा तस्कर शिन्दर सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 किलो हैरोइन और 1.5 लाख की ड्रग मनी बरामद की।