नशे की लत पूरी करने को पंजाब पुलिस के कांस्टेबल ने की थी चेन स्नैचिंग, गिरफ्तार

Thursday, Jun 28, 2018 - 11:07 AM (IST)

चंडीगढ़़ (सुशील): अरोमा लाइट प्वाइंट पर एक्टिवा सवार महिला के गले से चेन छीनकर फरार होने वाले पंजाब पुलिस के कांस्टेबल को सैक्टर-22 चौकी पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी की पहचान गुरदासपुर स्थित डेराबाबा नानक निवासी अर्शदीप सिंह के रूप में हुई। 

 

वह सोहाना थाने में तैनात है। पुलिस ने छीनी हुई सोने की चेन बरामद कर उसे अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है। 

 

महिला ने थाने में आकर की शिनाख्त
सैक्टर-22 चौकी इंचार्ज जुलदान सिंह ने बताया कि उन्हें मंगलवार शाम सूचना मिली थी कि 25 जून को अरोमा लाइट प्वाइंट के पास संजना शर्मा की चेन छीनने वाला स्नैचर सैक्टर-46 में घूम रहा है। उन्होंने पुलिस टीम बनाई और सैक्टर-46 में पहुंच गए। पुलिस को देखकर बाइक सवार स्नैचर मोहाली की तरफ फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा किया और मोहाली फेज 7 में जाकर दबोच लिया। 

 

पुलिस उसे सैक्टर-22 चौकी ले आई। यहां आरोपी ने बताया कि वह सोहाना थाने में कांस्टेबल है लेकिन उसने स्नैचिंग नहीं की है। पुलिस ने जब संजना शर्मा को बुलाया तो उसने उसे पहचान लिया। इसके बाद अर्शदीप ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सोने की चेन बरामद कर ली। 

 

आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और उसने नशा खरीदने के लिए सोने की चेन छीनी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी कुछ दिन से अपनी बहन के पास मनीमाजरा में रह रहा था। 
 

Punjab Kesari

Advertising