रिश्वत के आरोपी ATO के घर से पंजाब के CM का लैटर हैड और 8 लाख रुपए बरामद

punjabkesari.in Thursday, Jun 20, 2019 - 11:35 AM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील): रिश्वत लेते पकड़े गए पंजाब असिस्टैंट ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (ए.टी.ओ.) भूपिंदर सिंह छिन्ना के घर से सी.बी.आई. को पंजाब के सी.एम. का खाली लैटर हैड, पंजाब सी.एम. के ओ.एस.डी. की मुहर और आठ लाख कैश बरामद हुआ है। सी.बी.आई. ने भूपिंदर सिंह के घर रात डेढ़ बजे रेड खत्म की। 

 

भूपिंदर के घर से ई.टी.ओ. की स्टैंप, चालान बुक, रसीदें व अन्य सामान बरामद हुआ है। सूत्रों से पता चला कि रिश्वत की रकम पंजाब स्टेट ट्रांसपोर्ट डिपार्टमैंट के आफिसरों के पास भी जाती थी। ऐसे में सी.बी.आई. के शिकंजे में स्टेट ट्रांसपोर्ट डिपार्टमैंट के कई अफसर भी आ सकते हैं। 

 

रिश्वतखोर अफसरों के नामों का खुलासा करवाने के लिए सी.बी.आई. ने आरोपी भूपिंदर सिंह को अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। सी.बी.आई. ने अदालत को दलील दी कि यह पता करना है कि रिश्वत कांड में और कौन-कौन से अफसर शामिल हैं। 

 

आरोपी के घर से बरामद हुई रकम कहां से आई? अदालत ने दलील सुनने के बाद भूपिंदर को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। सी.बी.आई. सूत्रों से पता चला है कि रिश्वत लेते पकड़े गए भूपिंदर सिंह को पंजाब स्टेट ट्रांसपोर्ट डिपार्टमैंट के दो अफसरों की शह थी। उनके दम पर वह ट्रक चालकों से रिश्वत के रूप में मोटी कमाई करता था।


 

ट्रक का किया था ओवरलोडिंग का चालान 
राजस्थान के बीकानेर निवासी ट्रक क्लीनर पूनम चंद की शिकायत पर सी.बी.आई. ने असिस्टैंट ट्रांसपोर्ट ऑफिसर भूपिंदर सिंह छिन्ना को सैक्टर-23 स्थित मकान के अंदर से 20 हजार रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। 

 

भूपिंदर सिंह ने राजस्थान से धनास टाइल छोडऩे आ रहे ट्रक का ओवरलोडिंग का चालान काटकर ट्रक की आर.सी. और परमिट अपने पास रख लिया था। वह कागजात देने के लिए पूनम चंद से 25 हजार की मांग कर रहा था। बाद में सौदा 20 हजार में तय हुआ। सी.बी.आई. ने सैक्टर-23 स्थित भूपिंदर सिंह के घर पर ट्रैप लगाकर उसे दबोच लिया था। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Recommended News

Related News