'जनता कर्फ्यू' के चलते शहर में छाया सन्नाटा, लोग घरों में हुए कैद
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2020 - 09:42 AM (IST)

चंडीगढ़ : शहर में आज रविवार को 'जनता कर्फ्यू' के चलते शहर में सन्नाटा छाया दिख रहा है क्योंकि पीएम की अपील का पालन करने के लिए देश ने पूरी तैयारी की हुई है। शहर में इस कर्फ्यू के चलते सुबह खुलने वाली सभी दुकानें बंद पड़ी हैं। कर्फ्यू का पालन करने के लिए सभी लोग घरों में कैद हो गए हैं। जिसके चलते सभी सड़कें वीरान पड़ी हैं। जहाँ शहर के पार्कों में हर रोज रौनक रहती थी वह भी आज सूने पड़े हैं।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ‘जनता कर्फ्यू’ की अपील के बाद सी.टी.यू. ने भी 22 मार्च को बसों का परिचालन बंद रखने का फैसला लिया है। जिसके चलते आज सी.टी.यू. बसें भी नहीं चलेंगी। प्रशासन ने अपने आदेश में कहा गया है कि कोरोना वायरस के फैलाव और ‘जनता कर्फ्यू’ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
‘जनता कर्फ्यू’ के 14 घंटे हो सकते है फायदेमंद :
रविवार सुबह 7 से रात 9 बजे के बीच ‘जनता कर्फ्यू’ के 14 घंटे आपके परिवार, शहर और पूरे देश के लिए बेहद अहम होंगे। कोरोना से जंग के लिए यह 14 घंटे परीक्षा की घड़ी है। इसके लिए आपको घर पर रहकर कोरोना को फैलने से रोकना है। भारत में कोरोना तेजी से फैल रहा है जिसके चलते वायरस को मात देने के लिए हमें इसका पालन करना जरूरी हो गया है।