भविष्य के वाहन हैं इलैक्ट्रिक वाहन : दत्तात्रेय

punjabkesari.in Monday, Feb 06, 2023 - 06:37 PM (IST)

चंडीगढ़,(बंसल): हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा है की इलैक्ट्रिक वाहन ही हमारे भविष्य के वाहन हैं, उन्हें प्राथमिकता देनी होगी। राज्यपाल रविवार को चंडीगढ़ में पी.एच.डी. चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित किए जा रहे ग्रीन मोबिलिटी इलैक्ट्रिक व्हीकल एक्सपो के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इसमें हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ के ई.वी. निर्माता, खरीददार तथा उद्योगपति भाग ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने इलैक्ट्रिक कार, बस, ट्रैक्टर, स्कूटी तथा अन्य वाहनों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि आज वाहन, प्रत्येक व्यक्ति की आवश्यकता बन चुका है। इसके कारण देश में प्रतिवर्ष लगभग 1.8 करोड़ नए वाहन सड़कों पर नजर आ रहे हैं, जबकि पूरी दुनिया में साढ़े 6 करोड़ से अधिक नए वाहनों की बिक्री होती है।

 

 


राज्यपाल ने कहा कि इन वाहनों से निकलने वाला धुआं तथा हानिकारक गैसें, पर्यावरण को दूषित करती हैं। इन समस्याओं से निपटने के लिए इलैक्ट्रिक वाहन एक अच्छा विकल्प है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार वर्ष 2030 तक सरकारी वाहनों को इलैक्ट्रिक वाहनों में बदलने की ओर अग्रसर है। केंद्र सरकार ने इस वर्ष 2023-24 के बजट में इलेक्ट्रिक वाहनों पर कैस्टम ड्यूटी को 21 प्रतिशत से घटा 13 प्रतिशत कर दिया है।  केंद्र सरकार ने नई स्क्रैपिंग पॉलिसी शुरू की हैं, इसके तहत 15 वर्ष पुरानी गाड़ी को स्क्रैप किया जाएगा, इसमें वाहन मालिकों को प्रोत्साहन देने की व्यवस्था है। देश में इस समय करीब 1 करोड़ से अधिक गाडिय़ां स्क्रैपिंग योग्य है।

 

 


 

-उद्योगों के प्रोत्साहन के लिए 20 करोड़ रुपए तक की सबसिडी देने का प्रावधान किया 
दत्तात्रेय ने कहा कि हरियाणा सरकार भी इस दिशा में उचित कदम उठा रही है। सरकार ने भी इलैक्ट्रिक वाहन नीति-2022 को मंजूरी दी है। इसके लिए एक ऑनलाइन पोर्टल भी लांच किया है। हरियाणा सरकार ने सूक्ष्म से मैगा उद्योगों के प्रोत्साहन के लिए 15 लाख से 20 करोड़ रुपए तक की सबसिडी देने का प्रावधान किया है। इससे पहले राज्यपाल का यहां पहुंचने पर स्वागत करते हुए पी.एच.डी.सी.सी.आई. हरियाणा चैप्टर के चेयर प्रणव गुप्ता ने कहा कि चैंबर द्वारा इस तरह के एक्सपो हरियाणा के अन्य शहरों में भी लगाए जाएंगे।
 

 

 

-पूरी दुनिया में इलैक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा : कुरैशी 
भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय के संयुक्त सचिव आई.पी.एस. हनीफ कुरैशी ने कहा कि पूरी दुनिया में इलैक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। भारत सरकार इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। हरियाणा परिवहन विभाग के अतिरिक्त निदेशक प्रदीप अहलावत ने कहा है, हरियाणा सरकार ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट क्षेत्र में इलैक्ट्रिक व्हीकल को शामिल करना शुरू कर दिया है। हरियाणा में बहुत जल्द 550 इलैक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं।  हरेडा के चेयरमैन स्वतंत्र कुमार सिंघल ने कहा कि अब समय आ गया है जब तेल की आदत को छोड़ कर वैकल्पिक साधनों को अपनाने के लिए तेजी से कदम बढ़ाना होगा। पी.एच.डी.सी.सी.आई. पंजाब चैप्टर के को-चेयर करण गिल्होत्रा ने आये हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर टाटा ई.वी. बस के हेड सेल्स एंड मार्कीटिंग अमित कपूर, चैंबर के सह महासचिव नवीन सेठ, चंडीगढ़ चैप्टर के चेयर मधुसूदन विज, को-चेयर सुव्रत खन्ना समेत कई गणमान्य मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News