किरण खेर के खिलाफ नारेबाजी, पुतला फूंका

Monday, Aug 22, 2016 - 01:47 AM (IST)

 मनीमाजरा, (अग्निहोत्री): मौलीजागरां पार्ट-2 के निवासियों को वोट के अधिकार से वंचित रखने के आरोप को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त है। इस मुद्दे को लेकर रविवार को मौलीजागरां पार्ट-2 रैजीडैंट वैल्फेयर एसोसिएशन के चेयरमैन व प्रदेश कांग्रेस के महासचिव शशिशंकर तिवारी, अध्यक्ष पारस नाथ व उपाध्यक्ष उमा शंकर यादव आदि की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा सांसद किरण खेर का पुतला फूंका गया।

कालोनी के लोगों ने पूरे कॉम्पलैक्स में सांसद के पुतले के साथ रैली  निकाली व प्रशासन एवं सांसद के खिलाफ नारे लगाए और बाद में मुख्य सड़क लाल बत्ती के पास किरण खेर का पुतला फूंका गया। इससे पहले रैली में शामिल जनता को संबोधित करते हुए शशि शंकर तिवारी ने कहा कि स्थानीय सांसद किरण खेर के इशारों पर प्रशासन बेलगाम घोड़े की तरह काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौलीजागरां व धनास चंडीगढ़ का ही हिस्सा है परंतु यहां के 30-40 हजार मतदाताओं को मतदान से वंचित कर दिया गया है। इसके लिए पूरी तरह से भाजपा शासित प्रशासन व नगर निगम जिम्मेदार हैं। 

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आते ही पहले गरीबों का राशन, फिर मिट्टी का तेल व तत्पश्चात रोजमर्रा की वस्तुएं आम जनता की पहुंच से दूर हो गईं और अब मतदान के अधिकार से भी उन्हें वंचित कर दिया गया है। इस अवसर पर पारस नाथ यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पार्षद के चुनाव में वोट न डालने दिया गया तो इलैक्शन ऑफिस व किरण खेर के घर का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन में भोला प्रशाद, बबलू कुमार, प्रभु यादव, अरुण कुमार, विशाल कटारिया, राधेश्याम, डा. विश्वकर्मा, छोटक मिश्रा, राजेश चौधरी, रेह्तुला, रफीक, राम नारायण, राम प्रवेश ठाकुर व विजेंद्र उर्फ पप्पू, सपना, परमा देवी, रानी, बिंदा, पम्मी, सतविंद्र कौर आदि शामिल थे।

Advertising