फाइनल नोटिस के बावजूद चंडीगढ़ भाजपा ने नहीं जमा करवाया प्रॉपर्टी टैक्स
Sunday, Apr 08, 2018 - 11:27 AM (IST)
चंडीगढ़(राजिंद्र) : चंडीगढ़ नगर निगम के फाइनल नोटिस जारी के बावजूद भी चंडीगढ़ भाजपा ने सैक्टर-33 स्थित पार्टी ऑफिस कमलम् का प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं करवाया है। निगम अब फिर नोटिस जारी करेगा।
भाजपा ऑफिस का 7.11 लाख रुपए प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। इस संबंधी निगम की टैक्स ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि तीन बार नोटिस देने के बाद भी चंडीगढ़ भाजपा ने प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं करवाया है। अब फिर नोटिस जारी किया जाएगा। निगम ने पहले नोटिस जारी करके 16 मार्च तक का समय दिया था। फिर टैक्स न भरने पर फाइनल नोटिस जारी कर 27 मार्च तक का समय दिया पर टैक्स जमा नहीं करवाया गया।
अब अगर टैक्स जमा नहीं करवाया जाता है तो निगम के पास मात्र प्रॉपर्टी सील करने की कार्रवाई बचती है। इस संबंधी निगम के एडिशनल कमिश्नर अनिल गर्ग ने कहा कि निगम इससे पहले रैजिडैंशियल प्रॉपर्टी टैक्स की रिकवरी करने में व्यस्त था। यही कारण है कि कुछ देर के लिए कमर्शियल प्रॉपर्टी टैक्स की रिकवरी का काम रुक गया था, लेकिन अब दोबारा निगम कमर्शियल प्रॉपर्टी टैक्स की रिकवरी का काम भी शुरू करेगा, जिसके लिए टैक्स के सभी डिफाल्टरों को नोटिस जारी होंगे।
कांग्रेस ने जमा करवा दी थी बकाया राशि :
चंडीगढ़ कांग्रेस का भी सैक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन के लिए बकाया बाकी था। कांग्रेस से निगम ने 2.78 लाख रुपए के करीब बकाया राशि वसूलनी थी, जिसे पार्टी ने पिछले माह जमा करवा दिया था।
भाजपा नेताओं का यह है कहना :
बी.जे.पी. महासचिव चंद्रशेखर ने कहा कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन और वे कुछ दिन से शहर से बाहर थे। यही कारण है कि बकाया राशि जमा नहीं करवाया है। अगले एक दो दिन में बकाया राशि जमा करवा दी जाएगी।