संपत्ति कर डिफाल्टरों को नोटिस, 28 फरवरी तक करवाना होगा टैक्स जमा

Sunday, Feb 18, 2018 - 10:03 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : नगर निगम में संपत्ति कर डिफाल्टरों की सूची में शामिल चंडीगढ़ स्थित पंजाब व चंडीगढ़ कांग्रेस और भाजपा पंजाब व चंडीगढ़ के कार्यालयों को आगामी 28 फरवरी तक बकाया राशि जमा करवाने का नोटिस दिया गया है। निगम ने इन्हें संपत्ति कर जमा करवाने के इससे पहले भी तीन-तीन नोटिस दिए पर आज तक केवल पंजाब कांग्रेस ने नोटिस को जवाब दिया और आंशिक देय राशि जमा भी करवाई है। 

 

निगम सूत्रों के अनुसार चंडीगढ़ के सैक्टर-33 में स्थित भाजपा मुख्यालय को 7.13 लाख के संपत्ति कर की राशि जमा करवाने को कहा गया है। सैक्टर-37 में स्थित पंजाब भाजपा भवन को 16.46 लाख का नोटिस दिया गया है। इसके अतिरिक्त सैक्टर-35 में स्थित चंडीगढ़ कांग्रेस भवन को 2.78 लाख व पंजाब कांग्रेस भवन को 8.43 लाख की बकाया राशि का नोटिस दिया गया है। 

 

अंतिम मौका दिया जा रहा :
निगम सूत्रों के अनुसार चंडीगढ़ कांग्रेस व भाजपा तथा पंजाब भाजपा ने न तो टैक्स का भुगतान किया और न ही इस संबंध में दिए गए नोटिसों का पहले कोई जवाब दिया। अत: इस बार इन्हें टैक्स जमा करवाने का अंतिम अवसर दिया जा रहा है। निगम के संबंधित अधिकारी का कहना था कि इसके बाद अगर वह टैक्स जमा नहीं करवाते तो निगम उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू करेगा।

 

छाबड़ा बोले-उनका कोई बकाया नहीं है :
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा का कहना था कि वह लोग 1.85 लाख जमा करवा चुके हैं व उनका कोई बकाया नहीं है। उनका कहना था कि वह निगम अधिकारियों से इसकी विस्तृत जानकारी मांगेंगे। 

 

निगम सूत्रों के अनुसार पंजाब कांग्रेस से 16.38 लाख रुपए निगम ने संपत्ति कर के रूप में लेने हैं पर उसने अभी तक 6 लाख रुपए जमा करवाए हैं।  पंजाब कांग्रेस के अलावा अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि निगम अधिकारियों से मिले तक नहीं। निगम के संबंधित अधिकारी का कहना था कि राजनीतिक दलों को एक अंतिम अवसर टैक्स जमा करवाने के लिए दिया जा रहा है। 
 

Advertising