अधर में लटका मैप लोकेशन लगाने का प्रोजैक्ट

Saturday, Oct 28, 2017 - 09:41 AM (IST)

चंडीगढ़(पाल) : जी.एम.सी.एच. सैक्टर-32 में फंड की कमी की वजह से अब तक इन मैप लोकेशन लगाने का प्रोजैक्ट अधर में लटका हुआ है। जी.एम.सी.एच. आई.टी. विभाग के हैड डाक्टर सुधीर गर्ग ने बताया कि फिलहाल उनका फोकस अस्पताल को पूरा कम्यूटराइज बनाने पर है। अस्पताल में काफी काम चल रहा है। 

 

हाल ही में उन्होंने मरीजों के डाटा कलेक्शन को लेकर 200 कम्यूटर खरीदे व इसके साथ ही 90 ऑपरेटर्स का स्टाफ भी नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि कम्यूटराइज होने का फायदा डाक्टर्स के साथ-साथ मरीजों को भी होगा। इनकी मदद से मरीजों का पुराने से पुराना डाटा भी सेव रहेगा। जहां तक इन मैप लोकेशन एप्प का सवाल है तो उसका काम पहले पूरा किया जाना था लेकिन उसे बंद नहीं किया गया है। ई-अस्पताल के अगले फेज में इस एप्प पर काम शुरू होगा। 

 

अस्पताल की सारी लोकेशन फोन पर होगी उपलब्ध :
अस्पताल आने मरीजों को इस एप्प के जरिए अस्पताल की सारी लोकेशन अपने फोन पर उपल्बध हो जाएगी। डाक्टर गर्ग ने बताया कि इस एप्प के लिए अस्पताल में कंट्रोल यूनिट व कुछ  तकनीकी उपकरण लगाने पड़ेंगे। इसमें 50 लाख से 1 करोड़ रुपए की लागत आएगी। फिलहाल अस्पताल में कई सारे प्रोजैक्ट पर काम चल रहा है, जिसकी वजह से इसके लिए फंड कम पड़ रहा है लेकिन उम्मीद की जा रही है कि अगले वर्ष तक इस प्रोजैक्ट को पूरा कर लिया जाएगा। 

 

लोकेशन के साथ बताएगा डाक्टर रूम :
यू.आई.टी. से पासआऊट शहर के पुनीत व रजत ने इस एप्प को बनाया है। इस एप्प को कोई भी अपने एंड्रॉयड फोन पर मुफ्त में डाऊनलोड कर सकता है। जी.एम.सी.एच.-32के अलावा शहर के कई माल्स के भी इसके साथ ही जोड़ा गया है। इस एप्लीकेशन की खास बात यह है कि एक बार जगह सिलैक्ट करने के बाद मैप मोबाइल डाटा में सेव हो जाता है जिसके बाद आप इसे बिना नेट के भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे पहले इस एप्प को पी.जी.आई में लगाने पर विचार किया जा रहा था लेकिन जी.एम.सी.एच. में इसे लगाने की मंजूरी मिल गई। 

 

पुनीत ने बताया कि इस प्रोजैक्ट को इस वर्ष पूरा किया जाना था लेकिन उम्मीद है कि अगले वर्ष में इसे पूरा कर दिया जाएगा। इसके इस्तेमाल से अस्पताल में आने वाले मरीजों को न सिर्फ जी.एम.सी.एच.-32 का मैप पता लगेगा बल्कि किस तरह कौन-सा रूम व विभाग कहां पर है, इसकी जानकारी भी इस पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा ऑनलाइन अप्वाइंटमैंट की भी रजिस्ट्रेशन इसके जरिए की जा सकेगी। साथ ही अस्पताल में होने वाले टैस्ट के चार्जिस क्या हैं, इसके बारे में मरीज मोबाइल पर सर्च कर सकेगा। इस एप्प को जी.एम.सी.एच.-32 के डाक्टरों के साथ भी लिंक किया गया है। 


 

Advertising