कोर्ट में पेशी के लिए ला रहे कैदी को दूसरे कैदियों ने बस में पीटा, GMCH-32 में कराया दाखिल

Wednesday, Dec 06, 2017 - 11:54 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील राज): बुडै़ल जेल से जिला अदालत में कैदियों को ला रही बस में एक कैदी की दूसरे कैदियों ने जमकर पिटाई कर डाली। कैदी चिल्लाता रहा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसकी एक ना सुनी। जब बस जिला अदालत में पहुंची तो पुलिसकर्मियों ने घायल व्यवस्था में कालोनी नंबर-4 निवासी संजय को एस.डी.एम. कोर्ट में पेश किया।

एस.डी.एम. ने संजय की हालत देखकर उसे जमानत दी और तुरंत उसे जी.एम.सी.एच.-32 में दाखिल करवाने के आदेश दिए। संजय के भाई ने मामले की शिकायत सैक्टर-49 थाना पुलिस को दी। सैक्टर-49 थाना पुलिस ने कैदी राजू समेत अन्य के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।

 संजय की उसके बड़े भाई टिपू और भाभी माया के साथ 30 नवम्बर को मारपीट हो गई थी। इंडस्ट्रीयल एरिया थाना पुलिस ने मामला दर्जकर संजय को एस.डी.एम. ईस्ट के सामने पेश किया था। एस.डी.एम. ईस्ट ने संजय को चार दिन के लिए बुडै़ल जेल भेज दिया।

संजय के भाई सैक्टर-29 निवासी अजय ने बताया कि पांच दिसम्बर को पुलिस ने संजय को एस.डी.एम. के समक्ष पेश करना था। पुलिसकर्मी उसे जेल से बस में बैठाकर पेशी के लिए जिला अदालत ला रहे थे कि अन्य कैदियों ने संजय पर हमला कर दिया। कैदियों ने उसकी पिटाई की। बस जब जिला अदालत में पहुंची तो संजय बस के अंदर गंभीर हालत में पड़ा हुआ था।

मुंह से खून निकल रहा था, आंख पर थे चोट के निशान

अजय ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उसे अस्पताल में दाखिल करवाने की बजाए एस.डी.एम. कोर्ट में लेकर गए। अजय ने बताया कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें संजय के साथ मारपीट की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह एस.डी.एम. कोर्ट में पहुंचे। वहां देखा तो संजय के मुंह से खून निकल रहा था।

जेल में कैदियों से पूछताछ करेगी पुलिस

बस में संजय की पिटाई का मामला दर्ज होने के बाद सैक्टर-49 थाना पुलिस अब बस में मौजूद सभी कैदियों से बुडै़ल जेल में जाकर पूछताछ करेगी। पुलिस पता करेगी की राजू के साथ किन-किन कैदियों ने संजय की पिटाई की है।

Advertising