प्रधानमंत्री आवास योजना, लोगों को अभी मायूस होने की जरूरत नहीं, जल्द बनेंगे मकान

Sunday, Dec 10, 2017 - 09:39 PM (IST)

चंडीगढ़, (विजय गौड़) : प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान के लिए अप्लाई करने वाले लोगों को अभी मायूस होने की जरूरत नहीं है। चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड (सी.एच.बी.) की ओर से कहा गया है कि जिन 446 एप्लिकेशन को पहले दौर के लिए योग्य पाया गया है उन्हें पहले फेज में शामिल किया गया है। इसके बाद दूसरे फेज के लिए योग्य एप्लिकेशन चुनी जाएंगी।

पहले फेज के लिए जो चुने गए हैं बोर्ड की ओर से उनके प्रोपोजल मिनिस्ट्री के पास भेज दिए गए हैं। बोर्ड के मुताबिक इस योजना में फेज वाइज काम किया जा रहा है और अभी ये कहना कि कितने मकान बनेंगे कितने नहीं ये जल्दी होगा क्योंकि अभी जो एप्लीकेशन इस योजना के लिए आई है उनको प्रोसेस किया जा रहा है।

इस योजना के तहत चंडीगढ़ में सर्वे करवाया गया तो उसमें करीब 1.27 लाख लोगों ने एप्लाई किया था। लेकिन डिप्टी कमिश्नर ऑफिस ने जो सर्वे किया उसमें करीब 24 हजार लोगों की एप्लीकेशन को ही सही पाया गया। जिसको भी आगे प्रोसेस करने पर बोर्ड ने पहले 239 लोगों को योग्य पाया जिसके बाद बाकी लोगों को इसमें शामिल किया गया।

मौली जागरां में बनेंगे फ्लैट्स

इस योजना के तहत जो मकान मिलेंगे उन्हें किसी दूसरी स्कीम में मर्ज नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह योजना दूसरी स्कीम से पूरी तरह से अलग है। इसलिए योजना में सफल होने वाले एप्लिकैंट्स के लिए अलग से मकान तैयार किए जाएंगे। इसके लिए मौली जागरां में जो जमीन खाली पड़ी वहां पर मकान बनाने का प्रोसैस शुरू किया जाएगा। अगर एप्लिकैंट्स की संख्या अधिक होती है तो अन्य एरिया में मकान बनाए जाएंगे।

डी.सी. ऑफिस पर उठ रहे सवाल

बोर्ड भी इस बात से हैरान है कि पहले फेज में केवल 446 एप्लिकैंट्स ही कैसे योग्य पाए गए। इस पूरी प्रक्रिया में डी.सी. ऑफिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

लेकिन बोर्ड ने उन सभी योग्य एप्लिकैंट्स को दरकिनार नहीं किया है जो किन्हीं कारणों से पहले फेज में शामिल नहीं हो पाए। सी.एच.बी. के चेयरमैन मनिंदर सिंह बैंस ने बताया कि जैसे-जैसे एप्लिकेशंस क्लियर होती रहेंगी उन्हें दूसरे फेज में शामिल किया जाएगा। उसका भी अलग से प्रोपोजल बनाकर मिनिस्ट्री के पास भेजा जाएगा।

Advertising