डी.एस.पी. ईस्ट गुरमुख सिंह होंगे राष्ट्रपति पुलिस मैडल से सम्मानित

punjabkesari.in Monday, Jan 25, 2021 - 10:19 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील राज): गणतंत्र दिवस पर डी.एस.पी. ईस्ट गुरमुख सिंह को राष्ट्रपति पुलिस मैडल से सम्मानित किया जाएगा। यह मैडल उन्हें सराहनीय और विशिष्ट सेवाओं के लिए दिया जा रहा है। डी.एस.पी. गुरमुख सिंह कई ब्लाइंड मर्डर, अपहरण और रॉबरी के केस सुलझाकर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुके हैं। उनकी सूझबूझ से ही इंडस्ट्रीयल एरिया में सोपू नेता गुरलाल बराड़ की हत्या करने वाले आरोपियों को जेल पहुंचाया जा सका।

 


बतौर ए.एस.आई. हुए थे भर्ती  
डी.एस.पी. गुरमुख सिंह चंडीगढ़ पुलिस में 3 अप्रैल, 1989 में बतौर ए.एस.आई. भर्ती हुए थे। सब इंस्पैक्टर प्रोमोट होते ही गुरमुख सिंह ने सैक्टर-24 चौकी इंचार्ज, मौलीजागरां चौकी इंचार्ज रहते हुए कई केस सॉल्व किए। 1998-99 में डी.एस.पी. गुरमुख सिंह यू.एन. मिशन पर बोस्निया गए। वापस आने के बाद उन्होंने साइबर सैल में रहते हुए ऑनलाइन लॉटरी स्कैम का खुलासा कर नाइजीरियन को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्होंने मनीमाजरा स्थित के ज्वैलरी शोरूम में करोड़ों के गहने लूटने वाले गिरोह के 8 सदस्यों को पकड़कर 10 करोड़ के गहने बरामद किए थे। सैक्टर-11 थाना प्रभारी रहते हुए उन्होंने रॉबरी, चोरी स्नैचिंग और चोरी के केस सॉल्व किए। सैक्टर-39 थाना प्रभारी के तौर पर ब्लाइंड मर्डर केस सुलझाया। क्राइम ब्रांच इंचार्ज रहते हुए उन्होंने छोटी बच्ची की हत्या का केस सॉल्व कर आरोपी को जेल पहुंचाया। इसके अलावा सैक्टर-3 थाना इलाके में हुई 7 लाख रुपए की लूट के केस को सॉल्व किया। कोरोना काल में भी डी.एस.पी. गुरमुख सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना बेहतर ड्यूटी देकर लोगों की सेवा की। 


बुजुर्गों की सेवा में डटे हैं होमगार्ड जवान सुखबीर सिंह 
एरिया बीट सैक्टर-36 में तैनात प्लाटून सार्जेंट सुखबीर सिंह को राष्ट्रपति होमगार्ड मैडल से नवाजा जाएगा। सुखबीर सिंह 2001 में भर्ती हुए थे। अपने कार्यकाल के दौरान वे पी.सी.आर., टैंगो रिजर्व सहित कई पुलिस थानों में नियुक्त हुए। वर्तमान में वह बीट सैक्टर-36 में तैनात है और सैक्टर-36 थाने में लॉ एंड ऑर्डर की ड्यूटी भी कर रहे हैं। विशेष रूप से वे वरिष्ठ नागरिकों से डीलिंग करते हैं। सैक्टर-36 रैजीडैंट वैल्फेयर कमेटी के अनुसार सुखबीर सिंह की छवि एक मुस्कुराते हुए चेहरे के साथ सहायक व्यक्ति की है। कोरोना काल के दौरान सुखबीर सिंह सैक्टर-36 एरिया में वरिष्ठ नागरिकों को दवा पहुंचाने के लिए सबसे आगे रहे। वह अपनी बीट में 12 घंटे से अधिक काम करते हैं।  साल 2020 में गणतंत्रता दिवस पर उन्हें चंडीगढ़ के प्रशासक ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सराहनीय प्रमाण पत्र भी दिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

AJIT DHANKHAR

Recommended News

Related News