प्रशासक का आदेश, 3 दिन में सैक्टर-48 का कोविड अस्पताल तैयार करो

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2020 - 02:41 PM (IST)

चंडीगढ़ (अर्चना) : प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने जी.एम.सी.एच.-32 के प्रबंधन को तीन दिन में सैक्टर-48 के कोविड अस्पताल को तैयार करने के जैसे निर्देश जारी किए अस्पताल के डाक्टर्स एक्शन में आ गए और कोविड पेशैंट्स के लिए अस्पताल की तैयारी शुरू कर दी। सूत्रों की मानें तो प्रबंधन ने प्रशासक के आदेशों को देखते हुए कोविड अस्पताल की जिम्मेदारी नोडल अधिकारी प्रो.जी.पी.धामी से लेकर मैडीकल सुपरिटैंडैंट प्रो.रवि गुप्ता को सौंप दी है। 

सप्ताह भर पहले चंडीगढ़ प्रशासन ने पी.जी. आई. के कोविड अस्पताल के 50 फीसदी पेशैंट बैड भर जाने के बाद जी.एम.सी.एच.-32 को सैक्टर-48 के अस्पताल में कोविड पेशैंट भर्ती करने को कहा था परंतु प्रबंधन ने 80 फीसदी रैजीडैंट डॉक्टर्स के क्वारंटाइन होने की बात रखते हुए वादा किया था कि उन्हें कोविड पेशैंट्स की भर्ती के लिए 10 दिन का समय चाहिए। 

उसके बाद पेशैंट्स को धनवतंरी आयुर्वेदिक अस्पताल में भर्ती करना शुरू कर दिया गया। उसके बाद जी.एम.सी.एच.-32 ने पेशैट्स को भर्ती करने के लिए सूद भवन की तैयारी शुरू कर दी परंतु प्रशासक ने जब कहा कि तीन दिन में अस्पताल तैयार चाहिए तो जी.एम.सी.एच.-32 एक्शन में आ गया।

लैब को तैयार किया जा रहा :
सूत्र कहते हैं कि वैंटीलेटर और मॉनीटर्स सैटर-48 में शिफ्ट कर दिए गए हैं। आई.सी.यू. के लिए बैड्स की पहचान कर ली गई है। डॉक्टर्स व हैल्थ वर्कर्स के पी.पी.ई. किट्स पहनने और निकालने के लिए कमरे चिन्हित कर लिए गए हैं। पेशैंट्स को ऑक्सीजन सप्लाई देने की व्यवस्था की जा रही है। सूत्र कहते हैं कि पेशैंट सैंपलिंग के लिए लैब को भी तैयार करना शुरू कर दिया गया है। 

बहुत गंभीर पेशैंट्स के लिए तैयार किया जा रहा :
बायोमेडिकल वेस्ट ठिकाने लगाने की नीति भी तैयार की जा रही है। डॉक्टर्स की ड्यूटी का रोस्टर बनाना शुरू कर दिया गया है। अस्पताल के एक डॉक्टर का कहना है कि अब सैक्टर-48 का कोविड अस्पताल बहुत गंभीर पेशैंट्स का इलाज करने के लिए तैयार किया जा रहा है। 

पहले ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था न होने पर कम वायरल लोड वाले पेशैंट्स को भर्ती करने की तैयारी की गई थी परंतु मैडीकल सुपरिंटैंडैंट ने कुछ ही घंटों में कोविड अस्पताल के आई.सी.यू., डॉक्टर्स, लैब, पैंटरी, बायोमैडीकल वेस्ट से जुड़े कार्यों को निपटाना शुरू कर दिया है। यहां तक कि अस्पताल की बिजली का जो थोड़ा बहुत काम बचा था उसको भी ठीक करवा दिया है।

आज फिर किया जाएगा निरीक्षण :
अस्पताल के नोडल अधिकारी प्रो. हरीश दासारी का कहना है कि वीरवार को डॉक्टर्स की टीम एक बार फिर से सैक्टर-48 अस्पताल का निरीक्षण करेगी। वैसे तो सोमवार तक पेशैंट्स को भर्ती करने के लिए कहा गया था परंतु उम्मीद है शुक्रवार से कोविड पेशैंट्स को भर्ती किया जा सकेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News