अगले सप्ताह चुनाव आयोग करेगा पंचायत चुनाव का ऐलान

Saturday, Oct 01, 2022 - 08:12 PM (IST)

चंडीगढ़,(अविनाश पांडेय): हरियाणा में अब पंचायत चुनाव को लेकर राज्य चुनाव की ओर से लगभग सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है। राज्य चुनाव आयोग अगले सप्ताह कभी भी चुनावी तिथियों का ऐलान कर सकता है। सूत्रों की मानें तो चुनाव तिथियों की घोषणा करने के लिए सोमवार या मंगलवार को राज्य चुनाव आयोग की ओर से प्रैस कांफ्रैंस का आयोजन किया जा सकता है। चुनाव आयोग पहली बार पंचायत चुनाव चार चरणों में करवाने जा रहा है। 
इनमें पहले और दूसरे चरण में पंचायत समिति और तीसरे और चौथे चरण में जिला परिषद तथा सरपंच-पंच के चुनाव करवाए जाएंगे। इस बार प्रदेश में 71,763 पदों पर चुनाव होने हैं। इनमें 6,226 पद सरपंचों के हैं। ग्राम पंचायतों में पंच के 62,040 पद हैं। 143 पंचायत समितियों में 3086 सदस्यों का चुनाव होगा। वहीं 22 जिला परिषदों में 411 सदस्य हैं। पंचायत समितियों और जिला परिषदों में बाद में चेयरमैन चुने जाएंगे। खास बात है कि इस बार पंचायत में वी.सी.ए. को प्रतिनिधित्व मिलेगा। 
 

 

-ई.वी.एम. से होंगे चुनाव, मतदान पार्टी में 4 अफसर होंगे शामिल
राज्य चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार, मतदान पार्टी में 4 अधिकारी शामिल होंगे, जिनमें एक पीठासीन अधिकारी तथा 3 मतदान अधिकारी होंगे, ताकि शांतिपूर्वक ढंग से चुनाव करवाएं जा सकें। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जिन्हें निष्पक्षता से मतदान करवाना होगा। वहीं इस बार पंचायत चुनाव ई.वी.एम. से करवाए जाएंगे। इसके अलावा अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराने के आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान करके उनकी सुरक्षा के लिए व्यवस्था की जा रही है, ताकि मतदान केंद्रों पर ङ्क्षहसा, लूट व बूथ कैप्चरिंग आदि की घटनाएं न हों।
 

 

-पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटे राजनीतिक दल
प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर राजनैतिक दलों के नेता पूरी सक्रियता से जुटे हुए हैं। लेकिन सबसे ज्यादा तैयारी सत्तारूढ़ भाजपा कर रही है। हरियाणा भाजपा के लिए यह चुनाव काफी अहम होने वाले हैं। उधर, भाजपा की तरह कांग्रेस के लिए भी यह पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव से कम नहीं होंगे। साथ ही कांग्रेस में विरोधियों के बीच चुनाव जीत कर अपना कद तय करेंगे। पंचायत चुनाव से हरियाणा में चौटालों का राजनीतिक भविष्य तय होगा। खासकर जब दुष्यंत चौटाला सरकार में डिप्टी सी.एम. की कुर्सी पर बैठे हुए हैं। उनकी पार्टी अकेले दम पर राज्य में पैर पसारना चाहती है। पंचायत चुनाव के परिणाम से उनके सियासी समझ-बूझ का भी पता चलेगा। इनैलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला की देश में तीसरे मोर्चे के गठन की योजना भले ही अभी साकार रूप नहीं ले सकी, लेकिन उनके बेटे इनैलो महासचिव अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश में ऐसे मोर्चे के गठन की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। पंचायत चुनाव में इनैलो की इस मुहिम का क्या असर होगा यह देखना होगा।
 

 

-पंचायत चुनाव को लेकर तैयारी पूरी, जल्द होगा ऐलान : डा. इंद्रजीत
हरियाणा के सहायक राज्य चुनाव आयुक्त डा. इंद्रजीत ने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। सरकार की ओर से कुछ कागजात आने बाकी है। यदि सब कुछ तय समय में हुआ तो सोमवार को पत्रकारवार्ता कर चुनावी तिथियों का ऐलान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि त्यौहारी सीजन को देखते हुए 4 चरणों में चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
 

Ajay Chandigarh

Advertising