प्री-मानसून की जोरदार दस्तक, मौसम हुआ सुहाना

Sunday, Jun 10, 2018 - 09:17 AM (IST)

चंडीगढ़(ब्यूरो) : शनिवार को प्री मानसून ने शहर में जोरदार दस्तक दी। सुबह 6 बजे बारिश शुरू हुई और करीब 8.30 बजे तक चली। इसके बाद भी बूंदाबांदी होती रही और मौसम सुहाना बना रहा। मोहाली में भी अच्छी बारिश हुई। चंडीगढ़ में 33.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो जून में अब तक की सबसे अधिक है। 

हालांकि एयरपोर्ट स्थित ऑब्जर्वेटरी में 16.4 एम.एम. बारिश दर्ज की गई। इसके बाद दोपहर 12 बजे धूप निकल आई। इसके चलते हवा में नमी की मात्र 91 फीसदी तक पहुंचने से लोगों को चिपचिपाहट वाली गर्मी ने परेशान किया। शाम के वक्त एक बार फिर बादल छा गए और कुछ सैक्टरों में हल्की बूंदाबांदी हुई। 

यह बारिश ज्यादा देर तक नहीं चली। शनिवार का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि रविवार को भी बारिश के आसार हैं। तेज हवाएं चल सकती हैं।    
 

Punjab Kesari

Advertising