प्रॉपर्टी डीलर के गनमैन की ए.के. 47 से चली गोली, पेट से आर-पार हुई

Wednesday, Jul 20, 2022 - 06:59 PM (IST)

चंडीगढ़,(सुशील राज): गुरदासपुर के प्रॉपर्टी डीलर की सुरक्षा में तैनात पंजाब पुलिस के कांस्टेबल से सैक्टर-22 स्थित डायमंड प्लाजा होटल के बाथरूम में बुधवार तड़के संदिग्ध हालत में ए.के. 47 से गोली चल गई। गोली कांस्टेबल के पेट के आर-पार होकर सीधा दीवार में जाकर लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर कमरे में सो रहा अंकित उठा और बाथरूम में गया तो दीपक लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल कांस्टेबल दीपक को पी.जी.आई. में दाखिल करवाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस की प्राथमिक जांच में अभी तक सामने आया कि ए.के. 47 से गोली अचानक चली थी। जांच में सामने आया कि घायल दीपक गुरदासपुर का रहने वाला है और उसकी ड्यूटी पुलिस लाइन में है। सैक्टर-17 थाना पुलिस अंकित के बयान दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।

 

 
गुरदासपुर का प्रॉपर्टी डीलर सिमरजीत सिंह किसी काम से मंगलवार को चंडीगढ़ आया था। उसके साथ दो सुरक्षाकर्मी पंजाब पुलिस के कांस्टेबल दीपक और अंकित भी आए थे। चंडीगढ़ में देर होने के चलते दोनों गनमैन रात करीब एक बजे सैक्टर-22 स्थित होटल डायमंड में रुक गए। दीपक के पास ए.के. 47 और अंकित के पास कारबाइन थी। होटल कर्मी राम दास ने बताया कि सुबह लगभग साढ़े 5 बजे शीशा गिरने की आवाज आई। उन्हें लगा जैसे किसी ने पत्थर मारा है। उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड को बुलाया। बाद में पता चला कि गोली चली है। जिस कमरे का शीशा टूटा, उसका दरवाजा खटखटाया गया, मगर गेस्ट ने नहीं खोला। फिर अंदर से चिल्लाने की आवाज आई। कांस्टेबल अंकित अपने साथी दीपक को बाथरूम से लहूलहान में निकाल रहा था। गोली चलने की सूचना मिलते ही पी.सी.आर. मौके पर पहुंची और घायल दीपक को पी.जी.आई. लेकर गए।

 


डी.एस.पी. गुरमुख सिंह, सैक्टर-17 थाना प्रभारी ओमप्रकाश और सैक्टर-22 चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। कमरे और बाथरूम में खून ही खून बिखरा हुआ था। मौके पर फारैंसिक मोबाइल टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे से बिखरा खून समेत अन्य जगह से सैंपल लिए। पंजाब पुलिस जवान से गोली चलने की जानकारी मिलते ही एस.एस.पी. कुलदीप सिंह चहल होटल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और अंकित से मामले के बारे में पूछताछ की। अंकित ने बताया कि वह कमरे में सो रहा था और दीपक सुबह वाशरूम में अपनी ए.के. 47 लेकर गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
 

 

कांस्टेबल अंकित ने करवाया था होटल में कमरा बुक
गुरदासपुर निवासी कांस्टेबल अंकित ने पुलिस को बताया कि वह कमरे में सो रहा था। अचानक गोली चलने की आवाज सुनी। वह उठा तो साथी दीपक बैड पर नहीं था। वह बाथरूम का दरवाजा खोलने लगा तो खुला नहीं। उसने धक्का मारा तो दीपक लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसकी पेट से खून बह रहा था और गोली दीवार में लगे शीशे में जाकर लगी हुई थी। 

Ajay Chandigarh

Advertising