पंजाब पुलिस ने एक महीने में पकड़े नशा तस्करी के 2205 आरोपी

punjabkesari.in Monday, Aug 01, 2022 - 09:22 PM (IST)

चंडीगढ़,(रमनजीत): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा राज्य से नशे को जड़ से उखाडऩे के किए गए ऐलान के बाद पंजाब पुलिस की विशेष मुहिम लगातार सफलता की तरफ बढ़ रही है। इस मुहिम को लगभग एक महीना पूरा होने को आया है और अब तक 260 बड़ी मछलियों समेत 2205 लोगों को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने कुल 1730 एफ.आई.आर. दर्ज की हैं, जिनमें 145 व्यापारिक मामलों से संबंधित हैं।

 


आई.जी. सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि पुलिस ने पिछले महीने गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 48.95 लाख रुपए की ड्रग मनी भी बरामद की है। इसके अलावा पुलिस ने पिछले महीने 99 भगौड़ों और एन.डी.पी.एस. मामलों में वांछित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। आई.जी. ने कहा कि पुलिस ने 30 किलोग्राम हैरोइन, 75 किलोग्राम अफीम, 69 किलोग्राम गांजा और 185 क्विंटल भुक्की बरामद की है। इसके इलावा राज्यभर में फार्मा ओपीओड की 12.56 लाख गोलियां/ कैपसूल/ टीके/ शीशियां बरामद की हैं। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह पुलिस ने 329 एफ.आई.आर. दर्ज करते हुए 453 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके 8.4 किलो हैरोइन, 10 किलो अफीम, 2 किलो गांजा और 21 क्विंटल भुक्की बरामद करने के अलावा 10.46 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की है।

 


आई.जी.पी. सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा-निर्देशों पर सभी पुलिस जिलों की साप्ताहिक कारगुज़ारी की समीक्षा की जा रही है और नशा व ड्रग मनी की बरामदगी, केस दर्ज करने, नशों के तस्करों और भगौड़े अपराधियों की गिरफ्तारियों के आधार पर तीन चोटी के जिलों का चयन किया जाएगा। इन तीनों सर्वोच्च जिलों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। डी.जी.पी. गौरव यादव द्वारा वर्दी में किसी भी काली भेड़ को बर्दाश्त न करने के लिए पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए जाने के साथ आई.जी. ने कहा कि गलत कार्रवाइयों में शामिल पाए जाने के उपरांत एक डी.एस.पी. समेत छह ऐसे पुलिस मुलाजिमों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News

Related News