पुलिस भर्ती: अब रिटन टैस्ट में नहीं होगी गड़बड़ी, अब ऐसे होगी लिखित परिक्षा

Wednesday, Jun 21, 2017 - 08:31 PM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील): चंडीगढ़ पुलिस में 520 कांस्टेबलों की भर्ती के लिए जो उम्मीदवार फिजिकल टैस्ट में पास होंगे उनका पुलिस विभाग इस बार ऑनलाइन टैस्ट लेगी। सभी को कम्प्यूटर पर सवालों के जवाब देने होंगे। यह फैसला पुलिस विभाग ने लिखित परीक्षा के दौरान गड़बड़ी से बचने के लिए लिया है। ऑनलाइन टैस्ट के लिए चंडीगढ़ पुलिस विभाग इंतजाम करने में लग चुकी है। ऑनलाइन टैस्ट सितम्बर और अक्तूबर के दौरान होगा। पुलिस विभाग अभी देख रहा है कि फिजीकल टैस्ट में कितने पुरुष और महिलाएं पास होंगे। उसके बाद ही पुलिस विभाग टैस्ट की पूरी तैयारी करेगा। कांस्टेबल भर्ती के लिए 193 पुरुष कांस्टेबलों का फिजीकल टैस्ट समाप्त हो चुका है। अब 260 महिला कांस्टेबल के लिए फिजीकल टैस्ट 7 जुलाई से शुरू होगा। टैस्ट सैक्टर-26 पुलिस लाइन में लिया जाएगा। महिलाओं का टैस्ट समाप्त होने के बाद चंडीगढ़ पुलिस ऑनलाइन टैस्ट की तैयारी करेगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस बार कांस्टेबलों के फिजीकल टैस्ट में काफी कम लोग टैस्ट देने आए है। 

लिखित परीक्षा में गड़बड़ी के लग चुके हैं आरोप... 
चंडीगढ़ पुलिस ने कुछ साल पहले वायरलैस ऑप्रेटर की भर्ती की थी। पुलिस विभाग ने फिजीकल टैस्ट पास करने वालों की लिखित परीक्षा सैक्टर-26 पुलिस लाइन में करवाई थी। लिखित परीक्षा के दौरान पुलिस की मौजूदगी में खूब नकल चली थी। लिखित परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर आधा दर्जन प्रत्याशियों ने कैट में भी याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने पुलिस विभाग से लिखित परीक्षा की विडियोग्राफी को सबूत के तौर पर पेश किया था। इसी विवाद से बचने के लिए पुलिस विभाग अबकी बार ऑनलाइन टैस्ट करवाने जा रही है। 

संख्या : 520 पद (जनरल 286,ओ.बी.सी. 140, एससी 94)
पुरुष: 193 पद (जनरल 106,ओ.बी.सी. 52,एस.सी. 35)
महिला: 260 पद (जनरल 143, ओ.बी.सी. 70,एस.सी. 47)
एक्स सर्विसमैन: 67 पद (जनरल 37, ओ.बी.सी. 18, एस.सी. 12)

Advertising