पंचकूला पुलिस ने जिला में हेल्पलाइन नम्बर की शुरुआत की

punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2015 - 08:53 PM (IST)

पंचकूला(मुकेश) : महिला पुलिस थानों के बाद अब पुलिस ने महिलाओं से संबंधित मामलों को तुरंत निपटाने के उद्देश्य से एक नई पहल की शुरूआत की है। इसके लिए पंचकूला पुलिस ने जिला में हेल्पलाइन नंबर 98154-41091 की शुरूआत की है। महिला व लड़कियों के विरूद्घ हिंसा संयुक्त राष्ट्र उन्मूलन दिवस पर अंबाला मंडल आयुक्त ओ.पी. सिंह ने बुधवार को जिला सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस 16 दिन में नारंगी अभियान चलाएगी। अब महिलाएं उत्पीडऩ, छेड़छाड़, हिंसा आदि से संबंधित शिकायतें एस.एम.एस. के जरिए उक्त नंबर पर भेज सकती हैं।

 
उस पर तुरंत संज्ञान लेकर पुलिस सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को जिला के सभी स्कूलों व कालेजों के प्राचार्यों के लिए हिंसा के खिलाफ आवाज विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वयं सेवियों को भी ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे पुलिस की इस पहल के बारे में महिलाओं को जागरूक कर सकें। महिलाओं से संबंधित लंबित मामलों को एक पखवाड़े के भीतर समाधान कर दिया जाएगा। इसके अलावा मलिन बस्तियों में महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। आयुक्त ने बताया कि आटो व टैक्सी कैब चालकों को भी इस बात बारे जागरूक किया जाएगा कि वे महिला सवारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। इस मौके पर जिला  पुलिस आयुक्त अनिल धवन, ए.सी.पी. पूर्णिमा सिंह भी मौजूद थीं।
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News