पुलिस ने दबोचे स्नैचर व वाहन चोर गिरोह के 6 सदस्य

Sunday, Oct 15, 2017 - 08:09 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : बुुजुर्ग महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने वाले विक्की समेत तीन युवकों को क्राइम ब्रांच ने दबोच लिया। आरोपियों की पहचान सैक्टर-46 निवासी विक्की, पुरानी दिल्ली स्थित फोटो चौक निवासी उस्मान अली और नई दिल्ली निवासी शक्ति अहमद के रूप में हुई। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर स्नैचिंग और वाहन चोरी के 17 केस सुलझाए हैं। इनमें 13 स्नैचिंग और चार चाहन चोरी के मामले शामिल हैं। 

 

पुलिस ने बताया कि विक्की को इसी माह क्राइम ब्रांच ने काबू किया था। जमानत मिलने के बाद उसने फिर स्नैचिंग करनी शुरू कर दी। विक्की 45 केसों में भगौड़ा है और 100 से ज्यादा स्नैचिंग, वाहन चोरी और चोरी के मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच ने तीनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। 

 

एस.पी. आपरेशन रवि कुमार ने बताया कि क्राइम ब्रांच के इंस्पैक्टर अमनजोत को सूचना मिली थी शहर में स्नैचिंग की वारदातों को विक्की और उसके साथी अंजाम दे रहे हैं। टीम ने 7 अक्तूबर को गिरोह के सरगना विक्की को दबोच लिया। पुलिस ने विक्की को जिला अदालत में पेश कर सात दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। 

 

विक्की ने पूछताछ में बताया कि वह अपने दो साथी उस्मान अली और शक्ति अहमद के साथ स्नैचिंग करते हैं। क्राइम ब्रांच ने विक्की की निशानदेही पर उस्मान अली और शक्ति अहमद दस अक्तूबर को दबोच लिया। पुलिस उन्हें अदालत में पेश किर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर 13 सोने की चेन और चार दोपहिया वाहन बरामद किए। एस.पी. रवि कुमार ने बताया कि चोरी के वाहनों पर विक्की स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देता था। 

 

पुलिस ने बताया कि विक्की बाइक चलाता था और उसके पीछे उस्मान अली और शक्ति अहमद बैठकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने चेन स्नैचिंग के सैक्टर 39 थाने के छह, सैक्टर 34 थाने के तीन, सैक्टर-36 थाने के दो और सैक्टर-17 थाने के दो स्नैचिंग के केस सुलझाए हैं। इसके अलावा सैक्टर-36 और 17 थाने का एक-एक और सैक्टर-39 थाने के दो बाइक चोरी का केस सुलझा है। 

 

बिल के बिना नहीं खरीद रहे थे सोने की चेन :
एस.पी. रवि कुमार ने बताया कि विक्की सोने की चेन बेचने के लिए ट्राइसिटी के ज्वैलर्स से संपर्क कर रहा था लेकिन बिना बिल चेन बिक नहीं रही थी। विक्की अब सोने की चेन लेकर किसी ओर राज्य में बेचने की फिराक में था। इससे पहले वह चंडीगढ़ से बाहर जाता उसे पुलिस ने दबोच लिया। डी.एस.पी. क्राइम पवन कुमार ने बताया कि विक्की और उसके साथी बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। 


 

Advertising