पुलिस की आई क्लिक सुविधा हुई फ्लॉप

Wednesday, Jul 04, 2018 - 10:55 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप) : पुलिस विभाग की तरफ से साल 2015 में आई क्लिक नाम से सुविधा शुरू की गई थी। हालांकि यह सुविधा पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुई है। इसके जरिए कोई भी व्यक्ति बिना थाने या चौकी जाए मशीन से ही शिकायत पुलिस विभाग तक पहुंचा सकता है। 

अधिकारियों ने दावा किया था कि इस सुविधा के तहत सैक्टर-22 में लगाई गई मशीन के जरिए लोग बिना पुलिस के पास जाए शिकायत दे सकेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया था कि जल्द की शहर के विभिन्न स्थानों पर और अधिक आई क्लिक मशीन लगाई जाएंगी। हालांकि अधिकारियों के यह दावे हकीकत में नहीं बदल सके। इस साल अभी इस मशीन से किसी ने भी कोई शिकायत नहीं दी है। 

सैक्टर-22 के एक ए.टी.एम. में लगाई गई है मशीन :
इस सुविधा को शुरू करने के लिए पुलिस विभाग ने करीब 6 लाख रुपए खर्च कर आई क्लिक मशीन तैयार करवाई थी। पहले चरण में इसे सैक्टर-22 के शोरूम्स में स्थित एक निजी बैंक के ए.टी.एम. कैबिन में लगाया। इसके बाद इसे शहर के अन्य सैक्टरों में भी लगाने की योजना था। 

2016 में इस सुविधा के तहत 60 लोगों ने पुलिस को शिकायत भेजी थी। 2017 की बात करें तो इस साल शिकायतों का आंकड़ा 60 से सीधा 6 पर आ गया। और वर्ष 2018 में अभी तक के 6 माह पर इस सुविधा के जरिए पुलिस के पास अभी तक एक भी शिकायत नहीं दी है। ऐसे में यह योजना फ्लॉप हो चुकी है। 

यह है आई क्लिक सुविधा :
पुलिस विभाग ने सैक्टर-22 में ए.टी.एम.नुमा मशीन लगाई है जिसे आई क्लिक सुविधा का नाम दिया है। इस मशीन में शिकायत देने के कई ऑप्शन हैं। 
1. मशीन में दिए गए ऑप्शन के तहत आप मशीन में ही लगे की-बोर्ड के जरिए शिकायत टाइप कर सकते हैं। इसके बाद इसे कंट्रोल रूम पर भेज सकते हैं। 
2. अगर आप टाइप करना नहीं चाहते हैं तो आप हाथ से लिखी अर्जी को मशीन में लगी स्कैनिंग स्क्रीन पर स्कैन कर पुलिस कंट्रोल रूम में भेज सकते हैं। 
3. मशीन में वॉयस मैसेज का ऑप्शन भी है। शिकायत को बोल कर रिकार्ड कर सकते हैं और आगे भेज सकते हैं। 
4. मशीन में वीडियो कॉलिंग का भी ऑप्शन है। जिसके जरिए शिकायत वीडियो कॉलिंग के ऑप्शन के जरिए वीडियो कॉल करते हुए भी कंट्रोल रूम में शिकायत को दर्ज करवा सकते हैं। 

Punjab Kesari

Advertising