20 से 28 फरवरी के बीच चंडीगढ़ आ सकते हैं पी.एम.

Friday, Feb 08, 2019 - 10:57 AM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र): 28 फरवरी से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी भी दिन शहर में एक साथ कई प्रोजैक्ट्स का उद्घाटन करने आ सकते हैं। इसमें मलोया में पुनर्वास योजना के तहत फ्लैट्स की अलॉटमैंट प्रमुख प्रोजैक्ट है। मार्च माह की शुरूआत में लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के आसार है। ऐसे में पी.एम. मोदी 20 फरवरी से 28 फरवरी के बीच चंडीगढ़ आ सकते हैं। इसी तैयारियों के लिए प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा शुक्रवार को मलोया फ्लैट्स का दौरा करने के लिए जाएंगे। 

गौरतलब है कि यू.टी. प्रशासन इससे पहले उन सभी प्रोजैक्टों की जानकारी पी.एम.ओ. को भेज चुका है, जिनका उद्घाटन या शिलान्यास पी.एम. से करवाना है। पिछले वर्ष से ही पी.एम. मोदी के दौरे के लेकर अटकलों का दौर चल रहा है। लेकिन सूत्रों की मानें तो यू.टी. के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने पिछले महीने जालंधर में हुए किसी कार्यक्रम में पी.एम. को चंडीगढ़ आने का निमंत्रण दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। इस लिए पी.एम. का सिटी ब्यूटीफुल आना तय माना जा रहा है। कभी भी पी.एम.ओ. की ओर से पी.एम. के आने की डेट यू.टी. प्रशासन को मिल सकती है।

 पुनर्वास योजना के तहत होनी है फ्लैट्स की अलॉटमैंट  
चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड द्वारा पुनर्वास योजना केतहत लोगों को मलोया में बने 4960 फ्लैटों की अलॉटमैंट की जानी है। प्रधानमंत्री के हाथों से ही ये अलॉटमैंट करवाई जानी है, इसलिए प्रमुख इसी प्रोजैक्ट को लेकर पी.एम. विजिट में देरी होती रही है। इससे पहले दिसम्बर में अलॉटमैंट की योजना थी, लेकिन बाद में इसका काम लटक गया था।

 गौरतलब है कि बोर्ड ने मलोया में अन्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए भी प्रयास तेज कर दिए हैं, ताकि लोगों के वहां शिफ्ट होने के बाद उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहां पर पुलिस चौकी, डिस्पैंसरी, पोस्ट ऑफिस, संपर्क सैंटर और ए.टी.एम. भी खोला जाना है, जिसके लिए बोर्ड सभी विभागों को जगह देने जा रहा है।

bhavita joshi

Advertising