जनता कालोनी से PGI सड़क खस्ताहाल, हालत सुधारने की गुहार लगा चुके हैं लोग

Friday, Dec 15, 2017 - 01:24 AM (IST)

नयागांव, (मुनीष जोशी): जनता कालोनी से पी.जी.आई. जाने वाली सड़क की हालत खस्ता है। पटियाला की राव से यह सड़क चंडीगढ़ को जोड़ती है और यह एरिया चंडीगढ़ में आता है, इसलिए नगर काऊंसिल कुछ नहीं कर सकती है। सड़क की खस्ताहालत को सुधारने के लिए जनता कालोनी के लोगों ने सांसद किरण खेर को भी ज्ञापन सौंपा था पर उनकी परेशानी का समाधान नहीं निकला।

इस मार्ग से पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है, यही नहीं कई बार तो यहां पर दोपहिया वाहन चालक संतुलन खोकर गिर चुके हैं और उन्हें चोटें लगी हैं। जनता कालोनी निवासी अनिल चौटाला, समाजसेवी जौली चौटाला, राजवीर, विकास व धारा राम ने बताया कि सड़क की खस्ताहालत को सुधारने के लिए उन्होंने सांसद किरण खेर को भी ज्ञापन सौंपा था पर फिर भी सड़क की हालत नहीं सुधरी।

काम शुरू हुआ पर अधर में लटका

जनता कालोनी के लोगों ने बताया कि सांसद और चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों से सड़क की हालत सुधारने की गुहार के बाद कुछ दिन सड़क को ठीक करने का काम तो चला पर वह अधर में लटक गया है। अनिल जौली चौटाला ने बताया कि सड़क की खस्ता हालत होने कारण अगर कोई इस मार्ग पर हादसा होता है उस का जिम्मेदार चंडीगढ प्रशासन होगा। उन्होंने कहा कि परेशानी के प्रती कई बार अधिकारियों को अवगत करवाने के बाद भी सड़क ठीक नहीं की जा रही।

Advertising