डाक्टर्स में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू को लेकर पी.जी.आई. अलर्ट, मरीजों के लिए बनाया अलग रूट

Monday, Aug 14, 2017 - 11:47 PM (IST)

चंडीगढ़, (पाल): पी.जी.आई. में स्वाइन फ्लू मरीजों का इलाज कर रहे डाक्टर्स भी एच1एन1 वायरस की चपेट में आ रहे हैं। इलाज के दौरान एहतियात बरतने के बावजूद डाक्टर्स में स्वाइन फ्लू काफी तेजी से फैल रहा है जिसे देखते हुए पी.जी.आई. प्रशासन ने सोमवार को एक मीटिंग की। पी.जी.आई. निदेशक के नेतृत्व में हुई इस मीटिंग में अस्पताल के सभी सीनियर डाक्टर्स शामिल रहे। पी.जी.आई. स्कूल ऑफ पब्लिक हैल्थ के हैड प्रो. राजेश की माने तो कुछ डॉक्टर्स जरूरी एहतियात नहीं बरत रहे हैं, जिसकी वजह से वह इस वायरस की चपेट में आ रहे हैं।

कुछ डॉक्टर्स ने वैक्सीनेशन ही नहीं करवाया है। वैक्सीनेशन करवाने पर डॉक्टर्स में स्वाइन फ्लू होने की संभावना 70 प्रतिशत तक कम हो जाती है। वहीं, बैठक में बीमारी से अन्य लोगों को बचाने के लिए भी रणनीति बनाई गई है। पी.जी.आई. में अब तक 7 डाक्टर्स स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुके हैं। डाक्टर्स के अलावा नर्स व लैब टैक्निशियंस में भी एच1एन1 वायरस कंफर्म हो चुका है। पी.जी.आई. निदेशक प्रो. जगत राम की माने तो पी.जी.आई. में आने वाले स्वाइन फ्लू मरीजों को दूसरे मरीजों से अलग रखने के लिए अलग से रूट बनाया गया है।

किसी मरीज में स्वाइन फ्लू के थोड़े से भी लक्षण सामने आते है तो उसे अनदेखा न कर उस मरीज को ट्रॉमा सैंटर में बनाए गए मैडीकल एमरजैंसी हॉल में शिफ्ट किया जाएगा। वहीं अगर मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होती है तो उसे अलग से बनाए गए आईसोलेशन वार्ड में भेज एडमिट किया जाएगा। डाक्टर्स की माने तो ट्रॉमा सैंटर में काफी जगह है जिसे देखते हुए इन मरीजों के लिए मैडीकल एमरजैंसी हॉल में बदला गया है। प्रो. राजेश ठाकुर की माने तो अस्पताल ने बढ़ते मामलों को देखते हु्ए यह सारे इंतजाम किए है। डाक्टर्स हो या मरीज हर किसी को स्वाइन फ्लू से बचाने के लिए पी.जी.आई. अलर्ट है ।

एक और वार्ड बनाया

स्वाइन फ्लू मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कुछ दिन पहले प्रशासन ने पी.जी.आई. नेहरू अस्पताल के सी.डी. वार्ड में मरीजों के लिए वार्ड में अलग से एक और वार्ड बनाया है। सी.डी. वार्ड में करीब 13 के करीब बैड की व्यवस्था है इसके साथ ही 5 बैड और बढ़ाए गए हैं। इससे पहले एडवांस पैडएट्रिक विभाग में बच्चों के लिए भी अलग से सी.डी. वार्ड बनाया गया है। 

Advertising