प्रशासक पुरोहित ने किया नेचर इंटरप्रिटेशन सैंटर का शुभारंभ

punjabkesari.in Wednesday, May 11, 2022 - 10:08 PM (IST)

चंडीगढ़,(राजिंद्र शर्मा)। पंजाब के राज्यपाल व यूटी प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने बुधवार को सुखना वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी के कांसल फॉरेस्ट एरिया में नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर का उद्घाटन  किया। इस मौके पर नगर सांसद किरण खेर और सलाहकार धर्मपाल भी उपस्थित थे। इस दौरान एरिया में पौधारोपण भी किया गया। प्रकृति शिक्षा के ज्ञान और जानकारी प्रदान करने के अलावा वन्यजीव विषय पर लोगों की सामान्य जिज्ञासा को पूरा करने के लिए सुखना वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी में ये  नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर की स्थापना की गई है। लोग वन विभाग के सेक्टर-19 स्थित पर्यावरण भवन से आवश्यक अनुमति (परमिट) प्राप्त करने के बाद नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर जा सकते हैं।

 

सेंटर में प्रमुख रुप से जो चीजें दिखाई जा रही हैं, उनमें सुखना कैंचमेंट व मिट्टी एवं नमी संरक्षण कार्यों के प्रभाव का चित्रण, जानवरों के  थ्रीडी मॉडल, चंडीगढ़ के पक्षियों, तितलियों और विभिन्न जीवों की प्रजातियों पर पोस्टर, फूलों की अलग-अलग किस्मों के बारे में जानकारी, वन्य जीवन और वन क्षेत्रों  के लिए खतरों के बारे में जानकारी व बच्चों केच्लिए इंटरैक्टिव एक्टिविटीज आदि शामिल हैं। इन सब के माध्यम से छात्रों को भी वन व वन्यजीवों के बारे में जानकारी  मिल सकेंगी, जिससे वह वन्यजीवों के प्रति सजग बन सकेंगे। प्रशासक पुरोहित ने उद्घाटन के बाद सेंटर का दौरा किया और सेंटर की स्थापना के लिए विभाग की  सराहना की। उन्होंने आगे कहा कि सेंटर प्रकृति प्रेमियों और पर्यावरणविदों का ध्यान चंडीगढ़ के प्रमुख प्रकृति-केंद्रित स्थान की ओर आकर्षित करने में मदद करेगा। उन्होंने सुखना  वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी का भी दौरा किया, जहां वन विभाग द्वारा सुखना झील, कैचमेंट एरिया में मिट्टी और पानी के संरक्षण के लिए बहुत सारी मिट्टी और नमी की 

 


एक्टिविटीज की हैं। प्रशासक ने कहा कि विभाग की इन गतिविधियों से सुखना में बहने वाली गाद की जांच में मदद मिलेगी। इसे सेंटर में भी प्रदर्शित किया गया है,  जिससे लोगों को भी इस संबंध में जानकारी मिल सकेगी। सांसद खेर ने कहा कि विभाग के इस सेंटर से लोगों को काफी फायदा होगा। ये पर्यटकों व युवाओं को वन व  वन्यजीवों के बारे में शिक्षित करने में भी प्रमुख भूमिका अदा करेगा। मुख्य वन संरक्षक देबेंद्र दलाई ने बताया कि ये सेंटर चंडीगढ़ के जंगलों की गतिशील जैव विविधता  और इसके समृद्ध वन्य जीवन का समर्थन करने वाली वनस्पतियों की विविधता को प्रदर्शित करता है। यह लोगों को एक समृद्ध अनुभव देने और बड़े पैमाने पर प्रकृति  और पर्यावरण के प्रति स्नेह और चिंता को जगाने का एक वास्तविक प्रयास है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ajay Chandigarh

Recommended News