गुरुद्वारा श्री कोतवाली साहिब मोरिंडा में हुई बेअदबी, सिख संगत में रोष

Monday, Apr 24, 2023 - 08:34 PM (IST)

मोरिंडा,(धीमान): ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री कोतवाली साहिब मोरिंडा में एक व्यक्ति ने बेअदबी की। जिसे लेकर सिख संगत में रोष है। घटना की सूचना मिलते ही सिख संगत भारी संख्या में गुरुद्वारा श्री कोतवाली साहिब पहुंचना शुरू हो गई। घटना की सूचना मोरिंडा पुलिस को दी। वहां पर उपस्थित संगत ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी व हलका विधायक डॉक्टर चरणजीत सिंह व एस.जी.पी.सी. मैंबर अजमेर सिंह खेड़ा के अलावा अन्य पंथ के लोग वहां पहुंचे। उन्होंने समूह संगत को शांति व आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उधर इस घटना को लेकर शहर के दुकानदारों ने रोष में बाजार बंद कर दिए।

 

 

गुस्साए लोगों द्वारा आरोपी के घर में तोडफ़ोड़ करने की भी सूचना मिली है। उधर रोष में आई संगत ने विश्वकर्मा चौक में धरना देकर सतनाम वाहेगुरु का जाप शुरू कर दिया। धरने में भी पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शामिल हुए। बाद में आरोपी को संगत के हवाले करने की मांग उठी तो लोगों ने विश्वकर्मा चौक से धरना हटाकर पुलिस थाना सिटी मोरिंडा की घेराबंदी कर ली। समाचार लिखे जाने तक धरना जारी था। इस अवसर पर एस.एस.पी. रूपनगर विवेकशील सोनी, एस.पी. नवनीत सिंह माहल, एस.पी.एच. राजपाल सिंह हुंदल, एस.पी.डी. मनविंदर वीर सिंह अधिकारी भी पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत करने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने एक नहीं मानी। एस.पी. नवनीत सिंह माहल ने बताया कि गुरुद्वारा कोतवाली साहिब में उस समय ड्यूटी निभा रहे ग्रंथी गुरप्रीत सिंह संत नगर मोरिंडा के बयानों के आधार पर जसवीर सिंह निवासी मोरिंडा के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

 

 

-आरोपी के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई 
हलका विधायक डा. चरणजीत सिंह ने कहा कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में ऐसी बेअदबी की घटनाओं में तुरंत कार्रवाई की जाती है। पिछली सरकारों की तरह ऐसे मामलों को लटकाया नहीं जाता। उन्होंने कहा कि आरोपी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
 

 

 

-बेअदबी की घटना एक साजिश 
पूर्व सी.एम. चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि यह घटना बहुत निंदनीय है। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इससे सभी लोगों में रोष हैं। पूर्व सी.एम. चन्नी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद कोई प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा। इस घटना को एक साजिश करार दिया। उन्होंने इस संबंधित कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Ajay Chandigarh

Advertising