खेर ने हलके को थिएटर व फिल्म स्टूडियो ही समझा : पवन बंसल

Thursday, May 16, 2019 - 10:25 AM (IST)

चंडीगढ़(राय) : लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार पवन कुमार बंसल ने कहा है कि भाजपा की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण में 5 वर्ष पहले उनके द्वारा की गई बातों की याद दिला दी। वर्ष 2014 के चुनाव में नरेन्द्र मोदी ने चंडीगढ़ को तीव्र विकास के रास्ते पर डालने का वायदा किया था। भाजपा उम्मीदवार किरण खेर का नाम एक बार भी लिए बगैर मोदी ने फिर यही बात की है। 

ऐसा करते हुए प्रधानमंत्री ने इस हकीकत की पूरी तरह अनदेखी की कि किरण खेर के उदासीन रवैए के कारण ही चंडीगढ़ पूर्ण उपेक्षा का शिकार रहा है। उन्होंने कहा कि किरण खेर ने अपने चुनाव घोषणा-पत्र में किए गए 65 वायदों में से एक भी पूरा नहीं किया है। व्यापारियों को दिए गए 23 आश्वासन कागज तक ही सीमित रहे हैं। 

यह सब कुछ किरण खेर की कारगुजारी नही के बराबर रहने के कारण हुआ है। बंसल ने आरोप लगाया कि किरण खेर अपने हलके को ज्यादातर थिएटर और फिल्म स्टूडियो ही समझती रहीं और इससे उन्होंने कोई संपर्क नही रखा। इसी कारण  सांसद के रूप में 5 साल के उनके कार्यकाल के दौरान चंडीगढ़ में जनसुविधाओं के स्तर व विकास में पूरी तरह गिरावट आई। 

एन.डी.ए. ने की बजट में कटौती :
बंसल ने कहा कि यू.पी.ए. सरकार द्वारा वर्ष 2014-15 में प्रस्तुत अंतिम बजट में चंडीगढ़ के लिए बजट अनुमान 813 करोड़ रुपए रखा था। एन.डी.ए. सरकार ने उस वर्ष इसमें 200 करोड़ की कटौती कर दी और वर्ष 2015-16 में भी 200 करोड़ रुपए का कट लगा दिया। 

वर्ष 2019-20 के कैपिटल बजट अनुमान में भी केवल 401 करोड़ रुपए रखे गए हैं। यही हाल नगर निगम का रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत केवल 90 करोड़ खर्च किए गए हैं, जबकि 5 वर्ष में 1000 करोड़ का प्रावधान निर्धारित है।

Priyanka rana

Advertising