बी.एस.एफ. के मामले में परगट ने साधा कैप्टन पर निशाना, कैप्टन ने परगट और सुर्जेवाला लपेटे

punjabkesari.in Thursday, Oct 14, 2021 - 10:30 PM (IST)

चंडीगढ़, (रमनजीत सिंह): केंद्र सरकार द्वारा पंजाब में बी.एस.एफ. का अधिकार क्षेत्र 50 किलोमीटर तक बढ़ाए जाने के मामले में बड़ा राजनीतिक हमला बोलते हुए कैबिनेट मंत्री परगट सिंह ने सीधे पूर्व मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह को निशाने पर ले लिया। परगट सिंह ने कहा कि कै. अमरेंद्र सिंह के प्रति काफी सम्मान था लेकिन पहले धान खरीद रुकवाने और अब बी.एस.एफ. के जरिए राष्ट्रपति शासन जैसा माहौल बनाने का प्रयास करके कै. अमरेंद्र सिंह ने अपनी छवि खराब की है। उधर, कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने परगट सिंह के बयान को ओछेपन की हद करार देते हुए कहा है कि यह गैर-जिम्मेदाराना रवैये की मिसाल है। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुर्जेवाला की ऐसी ही टिप्पणी पर जवाब देते हुए कैप्टन ने कहा कि जो शख्स अपने प्रदेश में एक चुनाव तक नहीं जीत सकता, उसे राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर बोलने का हक नहीं है।

 

चन्नी कैबिनेट के मंत्री व नवजोत सिंह सिद्धू के सबसे करीबियों में शुमार परगट सिंह ने कहा कि बी.एस.एफ. को 50 किलोमीटर तक के क्षेत्र में अधिकार देने का फैसला असल में भाजपा की पोलराइजेशन करने की नीति का ही हिस्सा है। ऐसा करके भाजपा 2022 व 2024 के चुनावों के लिए एक खास वर्ग में डर का माहौल पैदा करके अपना वोट बैंक तैयार करने का प्रयास कर रही है लेकिन पंजाब ऐतिहासिक तौर पर भाईचारक सांझ का प्रतीक रहा है और पंजाबी ऐसी किसी भी कोशिश को कामयाब नहीं होने देंगे।

 

कै. अमरेंद्र सिंह को निशाने पर लेते हए परगट सिंह ने कहा कि वह तो लंबे समय से यही कहते आ रहे हैं कि कै. अमरेंद्र सिंह असल में भाजपा के साथ हैं और यही कारण है कि वह अक्सर ऐसे फैसलों पर भाजपा की ही बोली बोलते हैं। परगट सिंह ने कहा कि पहले कैप्टन दिल्ली गए थे तो धान खरीद में अड़ंगा लगाकर आए और अब बी.एस.एफ. के जरिए आधे पंजाब पर केंद्र का कब्जा करवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार व केंद्रीय गृह मंत्री को अपने इस फैसले पर पुनॢवचार करना चाहिए।


परगट सिंह और नवजोत सिद्धू एक ही तरह की सोच वाले: कैप्टन
उधर, परगट सिंह के इस बयान पर सख्त रुख लेते हुए कै. अमरेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य के मंत्री द्वारा गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी का यह सबसे बड़ा उदाहरण है। कैप्टन ने कहा कि यह साबित हो गया है कि परगट सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू एक ही तरह की सोच वाले हैं जो सुॢखयां बटोरने के लिए कुछ भी झूठी कहानी गढ़ सकते हैं। ठीक ऐसे ही कै. अमरेंद्र सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुर्जेवाला द्वारा उन पर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि सुर्जेवाला के कहने के मुताबिक वह (कैप्टन) गृह मंत्रालय को न सिर्फ पंजाब बल्कि गुजरात, असम जैसे राज्यों में भी फैसले लेने के लिए निर्देशित कर रहे हैं। कैप्टन ने कहा कि जो व्यक्ति (सुर्जेवाला) अपने राज्य में चुनाव तक नहीं जीत पाया, कम से कम उसे राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर बोलने का हक नहीं है।


न हो सुरक्षा बलों का दुरुपयोग : जाखड़
सुनील जाखड़ ने कहा कि सुरक्षा बल हमारे देश की दुश्मनों से रक्षा करते हैं और उनके लिए सबके दिल में सम्मान है, लेकिन सुरक्षा बलों को राजनीतिक मंशाओं के लिए इस्तेमाल किए जाने से न सिर्फ उनके मनोबल में कमी आती है, बल्कि उनकी दुश्मनों से लडऩे के लिए की गई तैयारी व ट्रेङ्क्षनग को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कै. अमरेंद्र सिंह पर भी तंज कसते हुए कहा कि कै. अमरेंद्र सिंह आर्मी बैकग्राऊंड के कारण इस बारे में बेहतर जानते हैं।


सर्वदलीय बैठक बुलाएं चन्नी : चीमा
आम आदमी पार्टी ने सीमा सुरक्षा बल के अधिकार क्षेत्र को बढ़ाने के मामले पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। नेता विपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि यह सीधे तौर पर राज्यों के अधिकार में केंद्र द्वारा दखल देना है और इसकी गंभीरता को देखते हुए तुरंत सर्वदलीय बैठक बुलाकर केंद्र सरकार से बातचीत करने की रूपरेखा तैयार की जानी चाहिए। चीमा ने कहा कि यह परोक्ष रूप से पंजाब पर नियंत्रण करने की केंद्र सरकार की साजिश है क्योंकि इस फैसले से पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का सहित पंजाब के 6 जिले प्रभावित होंगे। राज्य के कुल 50,632 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में से अनुमानित 27,600 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र बी.एस.एफ. के दायरे में आ जाएगा। हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कै. अमरेंद्र सिंह द्वारा मोदी सरकार के इस फैसले का समर्थन किए जाने से साफ हो गया है कि कै. अमरेंद्र सिंह पहले भी मोदी के इशारों पर नाचते थे और आज भी मोदी के साथ खड़े हैं, यह आरोप आम आदमी पार्टी शुरूआत से लगाती आ रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

AJIT DHANKHAR

Recommended News

Related News